सिडकुल प्रशासन पर ग्रीन पार्क की जमीन को खुदबुर्द करने का आरोप लगाते हुए स्थानीय लोगों ने बुधवार को पार्क के बाहर प्रदर्शन किया। विरोध में नारेबाजी की। लोगों ने कहा कि जरूरत पड़ी तो ग्रीन पार्क को बचाने के लिए हाईकोर्ट की शरण ली जाएगी। औद्योगिक क्षेत्र सेलाकुई में फार्मासिटी के अंदर ग्रीन पार्क है।
लोगों ने ग्रीन पार्क के सामने बैठक कर कई रणनीति तैयार की। कहा कि पार्क में किए जा रहे निर्माण कार्य पर रोक लगाने के लिए हाईकोर्ट से स्टे लिया जाएगा। राष्ट्रीय हरित प्राधिकरण में शिकायत दर्ज कराई जाएगी। शासन-प्रशासन पर भी दबाव बनाया जाएगा।
पार्क की जमीन को उद्योग लगाने के लिए नियम के विरुद्ध आवंटित किया गया। लोगों ने आरोप लगाया कि तत्कालीन क्षेत्रीय प्रबंधक के फर्जी शैक्षणिक प्रमाणपत्र पाए जाने पर उन्हें बर्खास्त किया जा चुका है। कहा कि उनकी ही संस्तुति पर पार्क की जमीन कंपनी विशेष को आवंटित किया गया है। कंपनी लगातार ग्रीन पार्क की जमीन पर निर्माण करा रही है। सिडकुल के प्रवेश द्वार पर भी कंपनी ने जगह-जगह निर्माण सामग्री डंप की हुई है। इस कारण वाहनों की आवाजाही प्रभावित हो रही है, जबकि निकट ही सिडकुल के क्षेत्रीय कार्यालय है, लेकिन अधिकारी आंखे मूंदे बैठे हैं।
इस मौके पर सेलाकुई व्यापार मंडल अध्यक्ष चैतन्य अनिल गौड़, एडवोकेट शूरवीर सिंह चौहान, जसवीर राणा, पूनम पंवार, चमन सिंह मनोगा, आसाराम रतूडी, चरण सिंह कोटियाल, अमित पंवार, अरशद खान, अशोक नेगी, हरीश बिष्ट, संजीव उपाध्याय आदि मौजूद रहे।
Iमामला उच्चाधिकारियों के संज्ञान में है। उनके स्तर से ही कोई कार्रवाई होनी है।
I
I-यशवंत सिंह रावत, क्षेत्रीय प्रबंधक, सिडकुलI