लिव इन रिलेशन में रह रही महिला के बेटे की हत्या के मामलेे में पुलिस अब तक न तो आरोपी को तलाश कर पाई है और न ही शव बरामद कर सकी है। क्षेत्र के 50 से अधिक सीसीटीवी कैमरे चेक किए जा चुके हैं। आरोपी की कैमरे में आखिरी लोकेशन किलकिली साहब के पास के एक मदरसे के बाहर मिली है।
पुलिस उसके संभावित रास्तों का अनुमान लगाकर छानबीन कर रही है। वहीं दिन भर गंगनहर में भी तलाश की गई। मुस्कान (40) निवासी आलवी नगर, थाना लोनी जिला गाजियाबाद पिरान कलियर में किलकिली साहब रोड पर अपने बेटे अयान (12) और प्रेमी कासिफ (28) के साथ नौ साल से किराए पर कमरा लेकर रह रही थी।
शुक्रवार रात महिला का प्रेमी से विवाद होने के बाद मारपीट के डर से वह दरगाह परिसर में जाकर सो गई। शनिवार सुबह महिला ने पुलिस से शिकायत कर बताया कि कासिफ ने उसके बेटे की हत्या कर दी है और उसका शव गंगनहर में फेंक दिया है।