लगातार आ रही ओवररेटिंग और घटतौली की शिकायतों पर जिलाधिकारी ने आबकारी विभाग और खाद्य विभाग को सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए। डीएम ने शराब की दुकानों और राशन की दुकानों पर सीसीटीवी कैमरे लगाए के भी निर्देश दिए। ताकि हर गतिविधि पर नजर रखी जा सके। उन्होंने दोनों विभागों के अफसरों को चेतावनी देते हुए कहा कि घटतौली और ओवररेटिंग की शिकायतें नहीं मिलनी चाहिए।
डीएम ने कहा कि उन्होंने कहा कि ओवररेटिंग करने वाली शराब की दुकानों पर अर्थदंड लगाया जाए। साथ ही राशन वितरण न करने या घटतौली के मामले में सीसीटीवी फुटेज चेक कर सख्त कार्रवाई करें।
रोज मामलों की सुनवाई करें एसडीएम
डीएम सोनिका ने सभी उपजिलाधिकारियों को निर्देश दिए कि न्यायालय में लंबित मामलों का निस्तारण करने के लिए नियमित कोर्ट लगाए जाएं। पांच वर्ष एवं एक वर्ष से 3 वर्ष तक के लंबित मामलों को प्राथमिकता से निस्तारित करें। दाखिल खारिज के प्रकरणों में भी तेजी लाएं। उपजिलाधिकारियों को स्टांप वाद निस्तारण में तेजी लाने के लिए कहा। उन्होंने कहा, भूमि की खरीद-फरोख्त के दाखिल खारिज के प्रकरणों में पुराने अभिलेखों का मिलान करें। वैध अभिलेखों के साथ ही दाखिल खारिज प्रकरण निपटाएं। भूमि धोखाधड़ी के मामलों में ठीक से जांच की जाए।
दुष्कर्म के मुकदमों में करें प्रभावी पैरवी
पुलिस विभाग की समीक्षा में डीएम ने कहा बलवा, किडनैपिंग, पॉक्सो एक्ट, दहेज, दुष्कर्म के मुकदमों में डीजीसी प्रभावी पैरवी करें। सभी एसडीएम व तहसीलदार संबंधित एसओ व सीओ के साथ समन्वय बनाकर रखें। बैठक में डीआईजी-वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक दलीप सिंह कुंवर, अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व रामजी शरण शर्मा, अपर जिलाधिकारी प्रशासन डॉ एसके बरनवाल आदि ने प्रतिभाग किया।