सहस्त्रधारा हेलीपैड के समीप गर्वित अपार्टमेंट के फ्लैट में हुई चोरी के मामले में पुलिस ने आरोपी मजदूर को गिरफ्तार कर लिया है। इसके कब्जे से चोरी किए गए 1.19 लाख रुपये और एक घड़ी बरामद की है।
एसओ राजपुर पीडी भट्ट ने बताया कि मंगलवार को श्यामलाल शर्मा ने फ्लैट में चोरी होने की शिकायत दर्ज कराई थी। बताया कि उनके फ्लैट से 1.90 लाख नकद और दो घड़ी सहित अन्य सामान चोरी हो गया। पुलिस ने आसपास के 152 सीसीटीवी कैमरे खंगाले। बुधवार की रात काठ बांग्ला बस्ती के पास चेकिंग के दौरान पुलिस ने आरोपी मनु शर्मा निवासी लाल कुर्ती जिला मेरठ को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी ने बताया कि उसने श्यामलाल शर्मा के घर मजदूरी का काम किया है। इससे वह फ्लैट में होने वाली हर गतिविधि को जानता था। उसे पता था कि घर में लाखों रुपये रखे हैं। इसपर उसने चोरी की योजना बनाई और नौ जुलाई को खिड़की के रास्ते से फ्लैट में आया और अलमारी के लॉकर को तोड़कर उसमें से चोरी कर ली।