माई सिटी रिपोर्टर देहरादून। भारतीय जीवन बीमा निगम ने ग्रामीण और शहरी क्षेत्र के युवाओं के लिए अभिकर्ता की भर्ती निकाली है। चयनित अभिकर्ताओं को कमीशन के साथ-साथ आकर्षक स्टाइपेंड भी मिलेगा। ग्रामीण क्षेत्र के युवाओं को आईआरडीए की ओर से निर्देशित परीक्षण और परीक्षा उत्तीर्ण करने के बाद कमीशन के अलावा पहले वर्ष में 5000 और दूसरे वर्ष में 4000 रुपये का स्टाइपेंड दिया जाएगा। वरिष्ठ मंडल प्रबंधक पुनीत कुमार ने बताया कि इसमें 18 से 35 वर्ष तक की आयु के युवक-युवतियां भाग ले सकते हैं। ग्रामीण क्षेत्र के अभ्यर्थियों को दसवीं पास होना अनिवार्य है। उन्होंने बताया कि 27 जुलाई तक नजदीकी एलआईसी कार्यालय, विकास अधिकारी, सीएलआईसी से संपर्क कर आवेदन किया जा सकता है। शहरी युवाओं के लिए न्यूनतम आयु सीमा सामान्य वर्ग में 21 से 35 और अनुसूचित जाति जनजाति व भूतपूर्व सैनिकों के लिए 21 से 40 तक तय की गई है। सात अगस्त को शाखा कार्यालय कनॉट प्लेस में एक परीक्षा आयोजित की जाएगी। आईआरडीए की ओर से निर्देशित परीक्षण और परीक्षा पास करने के बाद अभ्यर्थी यूसीए बनेंगे। इस योजना में चयनित अभिकर्ताओं को कमीशन के अलावा पहले वर्ष 10 हजार दूसरे वर्ष नौ हजार और तीसरे वर्ष आठ हजार रुपये का मासिक स्टाइपेंड दिया जाएगा। उन्होंने बताया कि अच्छा काम करने वाले अभिकर्ताओं को आकर्षक कमीशन के अलावा कार्यालय भत्ता, मेडिक्लेम, समूह बीमा, गृह निर्माण के गृह निर्माण, त्यौहार, कंप्यूटर, वाहन के लिए एडवांस आदि सुविधाएं भी मिलेंगी। साथ ही अच्छा काम करने वालों को निगम में विकास अधिकारी के पद पर द्वितीय श्रेणी का अधिकारी बनने का मौका भी मिलेगा।