छावनी बाजार से सटे कैलाना के रिहायशी क्षेत्र में रविवार देर रात गुलदार की दस्तक से लोगों में दहशत फैल गई। कैलाना स्थित डाकघर परिसर के पास रात करीब 1:50 बजे गुलदार सीसीटीवी कैमरे में घूमता हुआ कैद हुआ। फुटेज सामने आने के बाद क्षेत्र के लोगों में चिंता बढ़ गई। उधर वन विभाग ने क्षेत्र में गश्त बढ़ा दी है।घटनाक्रम के मुताबिक गुलदार डाकघर परिसर के आसपास काफी देर तक घूमता रहा। जिस स्थान पर गुलदार की मौजूदगी दर्ज हुई वहां दिनभर लोगों की आवाजाही रहती है और आसपास रिहायशी मकान भी हैं। स्थानीय लोग इसी मार्ग से पैदल आवागमन करते हैं। ऐसे में आबादी के बीच गुलदार की दस्तक से लोगों की चिंता बढ़ गई है। लोगों ने देर शाम के बाद बच्चों को अकेले बाहर नहीं भेज रहे हैं और विशेष सावधानी भी बरतने रहे हैं। व्यापार मंडल अध्यक्ष केशर सिंह चौहान ने बताया वन विभाग को सूचना देने के साथ सुरक्षा की दृष्टि से आवश्यक उपाय किए जाने की मांग भी की गई है। क्षेत्र के लोगों में भय का माहाैल है। उधर प्रभागीय वन अधिकारी वैभव सिंह ने बताया कि गुलदार के आबादी क्षेत्र में दिखाई देने की सूचना मिलने के बाद वन विभाग के कर्मचारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए हैं। गश्त बढ़ाने के साथ क्षेत्रवासियाें से भी चौकन्ना रहने की अपील की गई है। संवाद