- अदालत के सामने धरनास्थल पर होगा यज्ञ का आयोजन
माई सिटी रिपोर्टर
देहरादून। चेंबर के लिए भूमि आवंटन और सरकार की ओर से नए चेंबर बनाने की मांग के लिए वकील बुधवार को धरनास्थल पर बुद्धि-शुद्धि यज्ञ करेंगे। वकीलों का कहना है कि उनकी 23 दिन की हड़ताल, धरना और मार्च निकालने के बाद भी सरकार की ओर से संघर्ष समिति को ठोस आश्वासन नहीं मिला है। ऐसे में यज्ञ का सहारा भी लिया जा रहा है, जिसमें प्रशासनिक अधिकारियों की सुबुद्धि के लिए आहुतियां दी जाएंगी। इसके साथ ही हड़ताल 24वें दिन भी जारी रहेगी। बार एसोसिएशन के अध्यक्ष मनमोहन कंडवाल ने यज्ञ में बड़ी संख्या में साथी वकीलों के आने का अनुरोध किया है। उन्होंने बताया कि एसोसिएशन सरकार से वार्ता का हरसंभव प्रयास कर रही है। सीएम से मुलाकात के बाद कैबिनेट मंत्री स्तर पर मुलाकात और पत्र व्यवहार किया जा रहा है लेकिन संघर्ष समिति की दो प्रमुख मांगों पर सरकार का रुख अभी तक स्पष्ट नहीं है। उनकी एक मांग पुराने अदालत परिसर में चेंबर के लिए भूमि आवंटन करने की है। इसके अलावा नए अदालत परिसर में पहले से आवंटित पांच बीघा भूमि पर सरकार की ओर से चेंबर निर्माण की मांग है।