लखवाड़-व्यासी युवा श्रम संविदा सहकारी समिति ने स्थानीय युवाओं को लखवाड़ व्यासी परियोजना में रोजगार देने की मांग को लेकर कार्य स्थल लोहारी पर धरना प्रदर्शन किया। उन्होंने कंपनी प्रबंधन पर बाहरी ठेकेदारों को काम देने का आरोप लगाया। समिति की मांग पर फिलहाल कंपनी ने निर्माण कार्य बंद करा दिया है। हफ्तेभर के बीच मांगों पर कार्रवाई का आश्वासन दिया है।
सोमवार को अध्यक्ष अभय प्रताप की अध्यक्षता में परियोजना स्थल पर बैठक आयोजित की गई। मांगों के समर्थन में धरना प्रदर्शन किया। बैठक में सर्वसम्मति से परियोजना स्थल पर कार्य बंद कराने पर सहमति बनी। जानकारी मिलते ही लार्सन एंड टूब्रो कंपनी के प्रशासनिक अधिकारी अजय प्रताप धरना स्थल पर पहुंचे। उन्होंने समिति की बात सुनी। पदाधिकारियों ने उनके समक्ष रोजगार का मुद्दा उठाया। जिस पर अजय प्रताप ने युवाओं को परियोजना में रोजगार देने की बात पर सहमति जताई।
पदाधिकारियों ने कहा कि परियोजना में काम कर रहे बाहरी ठेकेदारों और मशीनों को हटाया जाए। उनकी जगह स्थानीय ठेकेदारों को प्राथमिकता दी जाए। कहा कि परियोजना के निर्माण के लिए स्थानीय लोगों की भूमि अधिग्रहित की गई हैं। ऐसे में रोजगार और अन्य कार्य पर पहला अधिकारी स्थानीय और प्रभावित परिवारों का है।
कंपनी के अधिकारी अजय प्रताप ने इस संबंध में उच्चाधिकारियों से वार्ता करने का आश्वासन दिया। समिति की मांग पर फिलहाल परियोजना का कार्य बंद करा दिया गया है। एक हफ्ते के भीतर सभी मांगों के निस्तारण का भरोसा दिलाया। धरना देने वालों में आनंद तोमर, सिकंदर नेगी, अमित चौहान, संदीप तोमर, गोपाल चौहान, सतपाल तोमर, प्रद्युम्न तोमर, संदीप खन्ना, मनीष तोमर, रजत तोमर, सचिन तोमर आदि मौजूद रहे।