शहर के बीचोंबीच एमकेपी चौक से कार सवार बदमाशों ने बिहार के एक युवक का अपहरण कर लिया। पुलिस ने सूचना मिलते ही चारों ओर नाकेबंदी कर दी। मामला बिहार में एक प्रेम प्रसंग का बताया जा रहा है। पुलिस सूत्रों के अनुसार पुलिस ने कुछ लोगों को हिरासत में भी के लिया है। इसका आधिकारिक खुलासा रविवार को किया जा सकता है।
जानकारी के मुताबिक बादल निवासी समस्तीपुर बिहार एमकेपी चौक के पास एक निर्माणाधीन मकान में अपने माता पिता के साथ रहता है। शनिवार शाम के वक्त वह चौक के आसपास घूम रहा था। उसी वक्त एक कार वहां आकर रुकी और उसने सवार लोगों ने बादल को कार में खींच लिया। यह सब देखकर वहां मौजूद लोगों में चर्चाएं शुरू हो गईं। उन्होंने पुलिस को सूचना दी तो आसपास के थानों से पुलिस पहुंच गई। पुलिस में सभी नाकों पर चेकिंग सघन कर दी।
एसपी सिटी प्रमोद कुमार ने बताया कि मामला बिहार में ही एक प्रेम प्रसंग से जुड़ा है। बताया जा रहा है कि बादल एक युवती से प्यार करता था लेकिन उसकी शादी कहीं और तय हो गई। इस बीच बादल ने युवती की कुछ फोटो लड़के पक्ष को भेज दिये। इससे गुस्साए लड़के पक्ष ने रिश्ता तोड़ दिया। अब बताया जा रहा है कि युवती के परिजनों ने बादल का अपहरण कर लिया। एसपी सिटी ने बताया की जल्द ही मामले का खुलासा किया जाएगा।