बीती शनिवार की रात्रि को क्षेत्र में हुई बारिश के चलते कालसी-चकराता मोटर मार्ग समेत एक दर्जन सड़कें मलबा आने से बाधित हो गईं। रविवार दोपहर तक अधिकांश सड़कों पर वाहनों की आवाजाही बहाल करा दी गई। जिस कारण यात्रियों ने राहत महसूस की।
बीते शनिवार की रात करीब आठ बजे क्षेत्र में बारिश का सिलसिला शुरू हुआ। जिस कारण रात करीब 10 बजे धोइरा बैंड, असनाडी, जझरेट और हईया के समीप मलबा आने से सड़क बंद हो गई। जिस कारण नकदी फसलों से लदे वाहन भी जाम में फंसे रहे। किसानों की फसलें समय पर मंडी नहीं पहुंच सकी।
चकराता जाने वाले यात्रियों को सड़क खुलने का लंबा इंतजार करना पड़ा। लोक निर्माण विभाग खंड साहिया के सहायक अभियंता मुकेश कुमार ने बताया कि सुबह होते ही मलबा हटाने के लिए जेसीबी लगा दी गई थी। सुबह नौ बजे यातायात बहाल करा दिया गया।
इन सड़कों पर भी आया मलबा
लोनिवि खंड चकराता अंतर्गत खारसी मोटर मार्ग, टुगरा संपर्क मार्ग, गौराघाटी-लावणी-मानथात, मिंडाल मोटर मार्ग, क्यारी पुल-डामटा मोटर मार्ग, लोनिवि खंड साहिया अंतर्गत हईया-अलसी- सकनी, सराड़ी मोटर मार्ग, लखस्यार-लधुेरा-क्यारी-कचटा मोटर मार्ग, काहा-नेहरा-पुनाह, पीएमजीएसवाई कालसी अंतर्गत ध्वैरा-देऊ, प्यूनल मोटर मार्ग, बोसान मोटर मार्ग, भंजरा मोटर मार्ग और लांघा-बिन्हार-मटोगी मोटर मार्ग पर जगह-जगह मलबा आने से बाधित हो गए थे। लोनिवि खंड चकराता के अधिशासी अभियंता एलके गोयल ने बताया कि अधिकांश सड़कों को खोल दिया गया है। देर शाम तक सभी सड़कों पर आवाजाही बहाल करा दी जाएगी।