उद्यान विभाग की भूमि पर वन बीएचके प्री-फैब्रिकेटेड घर का निर्माण पूरा
उद्यान विभाग की भूमि पर बनाए जा रहे तीन मॉडल प्री-फैब्रिकेटेड घर में से वन बीएचके का काम पूरा हो गया है, जबकि टू बीएचके और थ्री बीएचके का काम भी अंतिम चरण में पहुंच गया है। वहीं, ढाक गांव में भी निर्माणाधीन 15 प्री-फैब्रिकेटेड घरों का निर्माण गतिमान है। उद्यान विभाग में बन रहे हटों को देखने के लिए आपदा प्रभावित भी पहुंच रहे हैं। सिंहधार वार्ड के प्रभावित प्रकाश भोटियाल ने इन घरों का निर्माण जल्द पूरा करने की मांग की।
उन्होंने कहा कि इन घरों के कमरे छोटे हैं। आपदा प्रभावित पवन का कहना है कि सरकार की ओर से बनाए जा रहे ये हट ठीक हैं, लेकिन इनके निर्माण में समय अधिक लग रहा है। यदि जल्द इनका निर्माण होता है तो राहत शिविरों को छोड़कर इन पर रह सकते हैं। राहत शिविरों से बच्चों को स्कूल भेजने में भी दिक्कतें आ रही हैं। आरडब्ल्यूडी के एक अधिकारी ने बताया कि उद्यान विभाग की भूमि पर बनाए जा रहे तीन मॉडल हट में से एक हट बनकर तैयार हो गया है जबकि ढाक में हटों का निर्माण जारी है। यहां सभी 15 हट टू बीएचके के हैं। भूमि समतलीकरण में अधिक समय लगने और पार्ट्स हिमाचल प्रदेश से मंगाए जाने के कारण इन घरों के निर्माण में देरी हो रही है। जल्द ही हटों का काम पूरा कर लिया जाएगा।