ज्वेलरी शोरूम में अंगूठी खरीदने आई युवती से धोखाधड़ी का मामला सामने आया है। युवती ने क्यूआर कोड स्कैन कर भुगतान किया लेकिन कर्मचारी ने पैसे न आने की बात कहकर उससे नकद भी ले लिया। अब युवती के खाते से कटी रकम को वापस नहीं किया जा रहा है। कोतवाली पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
शहर कोतवाली के इंस्पेक्टर विद्याभूषण नेगी ने बताया कि श्रुति नौटियाल निवासी नेहरू कॉलोनी ने शिकायत की थी। उन्होंने 18 मई को राजपुर रोड स्थित रिलायंस ज्वैलर्स से 23 हजार रुपये में एक अंगूठी खरीदी थी। उन्होंने इसका भुगतान क्यूआर कोड स्कैन कर किया। पर, कर्मचारियों ने कहा कि खाते में पैसे नहीं आए हैं। युवती को लगा कि ट्रांजेक्शन फंस गया। ऐसे में उन्होंने नकद भुगतान भी कर दिया।
श्रुति अपनी रकम खाते में आने का इंतजार करती रहीं। लेकिन, रकम नहीं आई। बैंक के माध्यम से मालूम हुआ कि क्यूआर कोड वाले खाते में ही रकम गई है। इस आधार पर उन्होंने अपनी रकम मांगी लेकिन शोरूम कर्मचारियों ने मना कर दिया। उन्होंने कई बार शोरूम के चक्कर काटे। इंस्पेक्टर ने बताया कि युवती ने शोरूम के प्रबंधक और अन्य कर्मचारियों पर शक जताया है। इस आधार पर अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुुरू कर दी गई है।