कोतवाली क्षेत्र अंतर्गत भलेर संपर्क मार्ग पर जेसीबी अनियंत्रित होकर गहरी खाई में पलट गई। ऑपरेटर समेत दो लोग जेसीबी के अंदर फंसे थे। पुलिस और फायर सर्विस के जवानों ने रेस्क्यू ऑपरेशन चलाकर दोनों को बाहर निकाला। दुर्घटना की वजह ब्रेक फेल होना बताया जा रहा है।
पुलिस को रविवार की सुबह करीब नौ बजे सूचना मिली कि कि हथियारी से दो किमी आगे भलेर रोड पर जेसीबी दुर्घटना ग्रस्त हो गई है। चौकी प्रभारी डाकपत्थर अर्जुन गुसांई, सिपाही रविंद्र चौहान और फायर सर्विस के लीड फायर मैन रामशंकर आवश्यक उपकरणों के साथ घटना स्थल पर पहुंचे। जेसीबी रोड से करीब 100 मीटर नीचे खाई में गिरने के बाद पेड़ से अटकी हुई थी, जिसके अंदर जेसीबी ऑपरेटर सुभाष पुत्र सत्यपाल निवासी ग्राम आदूवाला जूडली और नितेश कुमार पुत्र मित्तर निवासी ग्राम आदुवाला फंसे थे। जेसीबी और अधिक गहरी खाई में न गिरे, इसलिए ग्रामीणों की मदद से जेसीबी को कई रस्सों से बांधा गया। गैस कटर से जेसीबी को काट कर और खुदाई कर किसी तरह घायलों को बाहर निकाला गया और एंबुलेंस के माध्यम से लेहमन स्थित अस्पताल भिजवाया गया। अब घायलों की हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है। चौकी प्रभारी ने बताया कि जेसीबी पेड़ से अटकी हुई थी। यदि पेड़ न होता तो जेसीबी और भी गहरी खाई में गिर जाती। अभियान में खजान सिंह, अरविंद सिंह, सबल सिंह, धीरेंद्र सिंह ने सराहनीय भूमिका निभाई।