जौनसार बावर की लाइफलाइन चकराता-कालसी मोटरमार्ग करीब आठ घंटे तब बंद रहा। सोमवार की सुबह आठ बजे मलबा हटाने के बाद यातायात सुचारू किया गया। वहीं, लोक निर्माण अस्थाई खंड चकराता क्षेत्र के भी तीन मार्ग मलबा आने कारण बंद रहे। लोक निर्माण विभाग मलबा हटाने में जुटा रहा।
रविवार को बारिश के बीच रात करीब आठ बजे जजरेड़ के पास पहाड़ से मलबा आने के कारण चकराता-कालसी मोटरमार्ग अवरुद्ध हो गया। रात करीब 12 बजे मलबा हटाकर मोटरमार्ग को खोल दिया। लेकिन, करीब आधे घंटे बाद फिर से मलबा आ गया। सोमवार की सुबह साहिया, चकराता, त्यूणी आदि क्षेत्रों से कृषि उपज लेकर मंडी के लिए निकले वाहन बीच रास्ते में ही फंस गए। सुबह करीब आठ बजे सड़क से मलबा हटाया गया।
अधिशासी अभियंता प्रत्युष कुमार ने बताया कि चकराता क्षेत्र के चकराता-लाखामंडल मोटरमार्ग, सुई-कचाणु मोटरमार्ग और टुंगरा संपर्क बार बार मलबा आने के चलते बाधित रहा। सहायक अभियंता आदित्य ठाकुर ने बताया कि मोटरमार्ग से मलबा हटाया जा रहा है।