पयजल स्रोत सूखने के कारण ग्राम पंचायत सैंज के कोटी गांव में जल जीवन मिशन की पेयजल योजना फेल हो गई है। अब गांव का प्रत्येक परिवार 30-30 हजार एकत्र कर श्रमदान से नई पेयजल लाइन बिछा रहा है। करीब दो किलोमीटर तक लाइन बिछा भी दी है। आधा किलोमीटर और बिछानी है। इसके बाद गांव तक पानी पहुंचने लगेगा।
सैंज ग्राम पंचायत के कोटी गांव में 20 परिवार रहते हैं। दो साल पहले ढलानी खड्ड से जल जीवन मिशन के तहत पेयजल लाइन बिछाई गई थी। करीब दो माह पहले पेयजल स्रोत सूखने से आपूर्ति बंद हो गई। ग्रामीण गांव के पास स्थित कुएं से पानी भर रहे थे। गर्मी बढ़ने के साथ कुएं का भी जलस्तर घट गया। ग्रामीणों ने विभाग से कई बार समस्या के समाधान की मांग की, लेकिन कोई सुनवाई नहीं हुई। उसके बाद ग्रामीण स्वयं मोर्चा संभाल लिए्। स्वयं अपने खर्च पर पेयजल लाइन बिछाने का निर्णय लिया। ग्रामीणों ने प्रत्येक परिवार से 30 -30 हजार रुपये एकत्र किए। उसके बाद करीब ढाई किलोमीटर दूर सलगा खड्ड से प्लास्टिक के पाइप से स्वयं लाइन बिछाना शुरू किया। अमलावा नदी के ऊपर तार लगाकर पाइपों को पार किया गया। करीब दो किलोमीटर पाइपलाइन बिछाने का कार्य पूरा हो गया है। आधे किलोमीटर की और मेहनत के बाद गांव तक पानी पहुंच जाएगा। संवाद
कालसी के एसडीएम योगेश मेहरा ने कहा कि गर्मी बढ़ने के साथ प्राकृतिक स्रोतों के सूखने की समस्या आ रही है। संबंधित विभाग के अधिकारियों को मौके पर भेजकर पेयजल लाइन का निरीक्षण करवाया जाएगा। आपूर्ति फिर से सुचारू करने के प्रयास किए जाएंगे।