उत्तरकाशी के पुरोला में धर्म विशेष के लोगों को दुकानें व घर छोड़कर जाने के अल्टीमेटम के विरोध में आम इंसान विकास पार्टी (आइविपा) के कार्यकर्ताओं ने सेलाकुई जमनपुर चौक पर प्रदर्शन किया। कार्यकर्ताओं ने सरकार पर कानूनों व कोर्ट के आदेशों का सहारा लेकर पक्षपात पूर्ण कार्रवाई करने का आरोप लगाते हुए प्रदेश के मुख्यमंत्री का पुतला भी जलाया।
आइविपा कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन करते हुए प्रदेश के सभी धर्म समुदाय के नागरिकों के अधिकारों की सुरक्षा की मांग की। पार्टी अध्यक्ष आकिल अहमद ने कहा कि किसी एक व्यक्ति के गलत काम की सजा पूरे समुदाय को नहीं दी जा सकती है। उन्होंने पुरोला में लगे पोस्टरों का जिक्र करते हुए कहा कि शासन प्रशासन के रहते इस प्रकार की कार्रवाई अराजकता कहलाती है। प्रशासन को ऐसी किसी भी कार्रवाई करने वालों पर सख्त कार्रवाई करनी चाहिए।
उन्होंने कहा कि अतिक्रमण के लिए हाईकोर्ट के माध्यम से जारी किए आदेशों को भी धर्म विशेष के परिवारों के घरों को तोड़ने के लिए इस्तेमाल किया जा रहा है। उन्होंने सेलाकुई का उदाहरण देते हुए कहा कि क्षेत्र में चार प्रमुख नालों पर अतिक्रमण करके जमीन को कब्जा कर लिया गया है लेकिन प्रशासन सिर्फ उन्हीं स्थानों पर कार्रवाई कर हा है जहां धर्म विशेष के लोग निवास कर रहे हैं।
उन्होंने कहा कि इस प्रकार की दोहरी नीति को अधिक समय तक बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। सरकार को सभी प्रदेशवासियों को नागरिक मानकर उनके अधिकारों की रक्षा करना चाहिए। कार्यकर्ताओं ने इस दौरान प्रदेश के मुख्यमंत्री का पुतला जलाकर अपना विरोध दर्ज कराया। इस दौरान मोहम्मद अली, लालू, इकबाल खान, अमजद खान, अकरम, मोहम्मद राशिद, वाहिद इकबाल, इब्राहीम, राजू तोमर, उमा शर्मा, रीना, ज्योतिराम मौजूद रहे।