शहर में नियो मेट्रो, पॉड टैक्सी की सेवा कब धरातल पर उतरेगी इसका अभी कुछ पता नहीं है। लेकिन, इसके चलते शहर की नौ प्रमुख व्यस्ततम सड़कों के चौड़ीकरण का काम भी अधर में लटक गया है। इन सड़कों पर यातायात दबाव कम करने के लिए लोक निर्माण विभाग ने इन्हें फोरलेन बनाने का प्लान तैयार किया था।
प्रिंस चौक से सहारनपुर रोड, प्रिंस चौक से घंटाघर, सहारनपुर रोड से बल्लीवाला चौक सहित नौ सड़कों पर यातायात का दबाव काफी बढ़ा है। जिस हिसाब से इन सड़कों पर यातायात का दबाव बढ़ा है उस हिसाब से इन्हें फोरलेन बनाया जाना जरूरी है। लिहाजा, लोनिवि ने 16 किलोमीटर सड़कों को फोरलेन करने की योजना बनाई। लेकिन, अब उसे इस बात का इंतजार है कि नियो मेट्रो और पॉड टैक्सी की कार्ययोजना की सारी धुंध छंट जाए तो फोरलेन बनाने का काम शुरू किया जाए।
Uttarakhand: 19 शहरों में दो साल के भीतर नई पेयजल योजनाओं से बुझेगी प्यास, अमृत-2 के पहले चरण में शुरू हुआ काम
यह है नियो मेट्रो की स्थिति
उत्तराखंड मेट्रो रेल कॉरपोरेशन ने दून में नियो मेट्रो चलाना चाहता है। लेकिन, इसकी फाइल केंद्रीय शहरी विकास मंत्रालय में अटकी हुई है। हालांकि, पॉड टैक्सी को लेकर भौतिक सत्यापन किया जा रहा है। संभावना है कि जब तक ये दोनों पेच सुलझ नहीं जाते तब तक शहर की नौ सड़कों को फोरलेन बनाने का काम रुका रहेगा।
सड़कों के चौड़ीकरण के लिए कंसल्टेंट चुन लिया गया है। कसंल्टेंट सड़कों की डिजाइन तैयार करने के साथ फिजिबिलिटी और सर्वे रिपोर्ट लोनिवि को सौंपेगा। लेकिन, पॉड टैक्सी और नियो मेट्रो पर स्थिति साफ होने के बाद ही सड़कों को फोरलेन बनाने की कार्रवाई शुरू की जा सकेगी।
- जितेंद्र त्रिपाठी, अधिशासी अभियंता, प्रांतीय खंड, लोनिविI