दून अस्पताल में इमरजेंसी ऑपरेशन थियेटर शुरू हुए 15 दिन हो चुके हैं। प्राचार्य डाॅ. गीता जैन ने ऑपरेशन थियेटर का निरीक्षण किया। उन्होंने मेजर ऑपरेशन की संख्या कम होने पर इमरजेंसी प्रभारी को सर्जरी बढ़ाने के निर्देश दिए। कहा कि सर्जिकल रोगियों का प्रतिदिन का आंकड़ा उपलब्ध कराएं।
प्राचार्य डाॅ. गीता जैन ने 19 अगस्त से इमरजेंसी में नई मेजर ओटी की शुरुआत कराई थी, ताकि आपातकाल में गंभीर मरीजों के ऑपरेशन में कोई समस्या न हो। दो सप्ताह के बाद अभी तक केवल आठ ही मेजर ऑपरेशन इमरजेंसी ओटी में किए गए हैं। इसे देखते हुए प्राचार्या ने इमरजेंसी प्रभारी डाॅ. एनएस बिष्ट से कहा कि सर्जिकल गंभीर रोगियों का डाटा प्रतिदिन उपलब्ध कराएं। डाॅ. बिष्ट ने बताया कि मेजर ओटी में मरीजों की संख्या पर ध्यान दिया जा रहा है।
Iदून अस्पताल में शुरू हुई सीबीसीटी मशीनI
दून अस्पताल के रेडियोलाॅजी विभाग में स्थित सीबीसीटी मशीन सुचारू हो गई है। जिससे लंबे समय से मशीन ठीक होने का इंतजार करते मरीज अस्पताल पहुंचे। रेडियोलाॅजी विभाग में आग लगने के बाद सीबीसीटी मशीन कुछ समय के लिए तो सुचारू हुई, लेकिन सही विद्युत व्यवस्था न होने के कारण मशीन बंद रही। एक बार फिर अस्पताल की मशीन सुचारू हो गई है। इससे मरीजों को दांतों के एक्स-रे के लिए भटकना नहीं पड़ रहा है। अस्पताल के पीआरओ महेन्द्र भंडारी ने बताया कि सोमवार को 15 मरीजों की सीबीसीटी जांच हुई।