डीएम सविन बंसल ने गूलरघाटी बेस खाद्य गोदाम का औचक निरीक्षण किया। अनाज के सुरक्षित भंडारण में लापरवाही, रिकाॅर्ड व्यवस्थित न रखने पर वरिष्ठ क्षेत्रीय अधिकारी पर प्रतिकूल प्रविष्टि और वेतन रोकने के साथ विभागीय कार्रवाई के निर्देश दिए। सीएम के निर्देश पर डीएम सविन बंसल ने खाद्य गोदाम का औचक निरीक्षण किया। डीएम ने धरातल पर बारीकी से एक-एक चीज की जांच की। अनाज का सैंपल कराया तो वह फेल हो गया। डीएम ने कई क्विंटल अनाज को रिजेक्ट कर दिया। गोदाम में रिकाॅर्ड भी व्यवस्थित नहीं मिला। न तो अनाज रखने के लिए पर्याप्त रैक और रेट ट्रैप था, न ही निर्धारित मानक के अनुसार सुतली का प्रयोग करना पाया गया। डीएम ने अधिकारियों को फटकार लगाते हुए वरिष्ठ विपणन अधिकारी विष्णु प्रसाद चतुर्वेदी व क्षेत्रीय खाद्य अधिकारी (एआरओ) अजय रावत पर प्रतिकूल प्रविष्टि दर्ज करने, वेतन रोकने के साथ ही विभागीय कार्रवाई के निर्देश दिए। डीएम ने कहा कि लोगों की सेहत से खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। लापरवाही बरतने वाले अधिकारी कार्रवाई के लिए तैयार रहें। बता दें कि बेस गोदाम से देहरादून के अलावा गढ़वाल मंडल के नई जिलों में अनाज की आपूर्ति होती है। इस दौरान अपर जिलाधिकारी प्रशासन जयभारत सिंह, तहसीलदार सुरेंद्र देव, फूड सेफ्टी ऑफिसर आदि मौजूद रहे।