कृषि उत्पादन विपणन बोर्ड के अध्यक्ष अनिल कपूर डब्बू ने विकासनगर मंडी परिसर का निरीक्षण किया। उन्होंने परिसर में चल रहे गोदाम और कोल्ड स्टोर के काम में तेजी लाने के निर्देश दिए। सफाई व्यवस्था पर नाराजगी जताते हुए मंडी को स्वच्छ व हरा-भरा बनाने के निर्देश दिए। उन्होंने उपज लेकर आने वाले किसानों की सुविधा के लिए सड़कों को तत्काल प्रभाव से ठीक कराने की भी बात कही। कृषि उत्पादन विपणन बोर्ड के अध्यक्ष ने व्यापारियों की समस्याओं को सुनकर दुकानों की मरम्मत व उनकी स्थिति को ठीक कराए जाने का आश्वासन दिया। मंडी के कर्मचारियों की पदोन्नति, एसीपी आदि समस्याओं का भी त्वरित समाधान कराने की बात कही। कहा कि मंडी परिसर में दुकान लेने के इच्छुक व्यापारियों के लिए नई दुकानों के निर्माण पर भी बोर्ड विचार कर रहा है। शीघ्र ही मंडी परिसर में नई दुकानों का निर्माण कराया जाएगा। निरीक्षण के दौरान निर्माण खंड के उप महाप्रबंधक अनिल सैनी, उप महाप्रबंधक सिविल एनपी सिंह, सहायक अभियंता विजय तिवारी, मंडी सचिव अशोक कुमार जोशी, मंडी पर्यवेक्षक राजवीर सिंह, मंडी निरीक्षक प्रीतम डिमरी, अलकेश सैनी, राय सिंह, कौशल किशोर, सुशील कुमार, अमिल सहगल आदि उपस्थित रहे।