भारतीय ब्लाइंड फुटबॉल टीम की कप्तान शेफाली रावत और उनके कोच नरेश सिंह नयाल को मंगलवार को सम्मानित किया गया। भारतीय टीम ने हाल ही में शेफाली के नेतृत्व में एशियन ब्लाइंड फुटबॉल चैंपियशिप में प्रतिभाग किया था। जापान में आयोजित हुई इस चैंपियनशिप में विभिन्न देशों की टीमों ने हिस्सा लिया। शेफाली और कोच नरेश सिंह नयाल को सम्मानित करते हुए बलूनी ग्रुप के प्रबंध निदेशक विपिन बलूनी ने कहा कि शेफाली ने विदेशी धरती पर देश के साथ उत्तराखंड का नाम रोशन किया है। शेफाली राजपुर रोड स्थित राष्ट्रीय दृष्टि दिव्यांगजन सशक्तीकरण संस्थान (एनआईईपीवीडी) की छात्रा हैं। इसी संस्थान में वह ब्लाइंड फुटबॉल का अभ्यास करती हैं। उनके नाम भारतीय टीम में अंतरराष्ट्रीय और घरेलू स्तर पर सबसे ज्यादा गोल करने का खिताब भी है।