फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

दून अस्पताल में बढ़ाएं रजिस्ट्रेशन काउंटर : सीएम

विज्ञापन
विज्ञापन
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मंगलवार को दून अस्पताल का निरीक्षण किया। यहां उन्होंने मरीजों का हाल जाना और अस्पताल प्रशासन से सुविधाएं बढ़ाने के लिए कहा। उन्होंने कहा कि अस्पताल में पर्चा बनाने के लिए मरीजों की लंबी लाइन न लगे, इसके लिए रजिस्ट्रेशन काउंटर बढ़ाए जाएं। दून अस्पताल में सीएम के निरीक्षण के दौरान क्या हालात रहे, आइए देखते हैं लाइव।
विज्ञापन

दिन के करीब 12:30 बजे हैं। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी अचानक दून अस्पताल पहुंच गए हैं। सीएम के आने की बात सुनते ही अस्पताल स्टाफ में अफरातफरी मच गई है। सभी डॉक्टर और अन्य कर्मचारी अपनी सीटों पर जा रहे हैं। सीएम पुरानी बिल्डिंग से अस्पताल में अंदर की ओर आ रहे हैं। यहां आसपास गंदगी देख सीएम अस्पताल के अधिकारियों को सफाई के निर्देश दे रहे हैं। सीएम रेडियोलॉजी विभाग के सामने से गुजर रहे हैं। यहां एक महिला कुर्सी पर बैठी खाना खा रही है। सीएम धामी महिला के पास रुक गए हैं और उनसे पूछ रहे हैं कि खाना ठीक मिलता है? यहां से संतुष्ट होने के बाद सीएम आगे बढ़ गए हैं। रास्ते में एक महिला बच्चे को गोद में लिए खड़ी है। सीएम ने बच्चे को पुचकारा और पूछा.. जच्चा और बच्चा ठीक हैं? दवाई सही मिल रही है?
वहीं, पास खड़ी एक महिला ने बताया कि उनकी बहू को बेटी हुई है। इस पर सीएम ने उन्हें बधाई दी। यहां से सीएम आगे बढ़कर अस्पताल के रसोई घर में आ गए हैं। यहीं मरीजों के लिए खाना बनता है। सीएम खुद दाल और सब्जी को चमचे से चला रहे हैं और उनकी गुणवत्ता जांच रहे हैं। उन्होंने कहा दाल पतली है, तड़का नहीं लगा है क्या। उन्होंने चावल को भी हथेली में ले लिया है और चखते हुए कह रहे हैं कि ये कच्चे तो नहीं हैं ना।
विज्ञापन

दिन के 12:45 बज रहे हैं। अब सीएम नई बिल्डिंग में बनी इमरजेंसी में आ गए हैं। यहां मरीजों का हाल जानते हुए वह आगे बढ़ रहे हैं। इस दौरान वहां भर्ती बुजुर्ग महिला ने सीएम को आशीर्वाद भी दिया। इस पर सीएम ने वहां मौजूद डॉक्टर एनएस बिष्ट से कहा कि अम्मा का सही से इलाज कीजिए, कोई परेशानी न हो। इसके बाद सीएम रजिस्ट्रेशन डेस्क, बिलिंग काउंटर, आयुष्मान काउंटर पर गए। वहां पर पूछा कि रोजाना कितने मरीज इलाज के लिए आ रहे हैं। सीएम ने कहा कि मरीजों को लंबी लाइन में ना लगना पड़े इसके लिए रजिस्ट्रेशन डेस्क की संख्या बढ़ाएं। इसके बाद सीएम अस्पताल से चले गए।


- तीमारदारों ने कहा- बोलने का मौका नहीं मिला -
मुख्यमंत्री जब इमरजेंसी वार्ड में मरीजों से बात कर रहे थे तो वहां पर मौजूद तीमारदार भी उनसे कुछ कहना चाहते थे। हालांकि, तीमारदारों को मौका नहीं मिला। इस पर तीमारदारों ने नाराजगी जताई। तीमारदारों ने बताया कि जब भी मुख्यमंत्री मरीज का हाल पूछते थे तो मरीज तो कम ही बोलता था, डॉक्टर ही सब बताते रहते थे। ऐसे में मरीज या तीमारदारों को बोलने का मौका नहीं मिला।
-
कोट
सीएम औचक निरीक्षण पर आए थे। इस दौरान अस्पताल में मरीजों का हाल भी जाना। इलाज और खाने की स्थिति भी जांची। सीएम के निर्देशों का जल्द से जल्द पालन किया जाएगा।
विज्ञापन

-डॉ. यूसुफ रिजवी, एमएस, दून अस्पताल
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें