मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शुक्रवार को औद्योगिक क्षेत्र सेलाकुई स्थित डिक्सन टेक्नोलॉजीज इंडिया लिमिटेड की नई उत्पादन इकाई का उद्घाटन किया। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड विकास के क्षेत्र में अग्रणी भूमिका निभा रहा है। अभी कुछ समय पूर्व देश-विदेश के उद्योगपतियों को उत्तराखंड में उद्योग स्थापित करने के लिए आमंत्रित किया गया था। कहा कि प्रदेश सरकार चाहती हैं कि राज्य के युवाओं को अपने ही प्रदेश में नौकरियां मिले। युवा आज इस कंपनी में काम कर रहे हैं। कल वही युवा अपने उद्योग भी स्थापित करेंगे। मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार प्रदेश के 70 फीसदी युवाओं को नौकरी देने के लिए ठोस नीति बना रही है।
सीएम ने कहा कि हमारी सरकार युुवा सपनों को साकार करने, युवा प्रतिभाओं के साथ न्याय करने के लिए प्रतिबद्ध है। इसलिए हमने प्रदेश में ‘नकल विरोधी कानून’ बनाकर भर्तियों में घोटाले करने वाले दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की है। वर्तमान में सात हजार से अधिक पदों पर भर्ती प्रक्रिया गतिमान है। जल्द कई हजार पदों पर भर्ती शुरू की जाएगी। उन्होंने कहा कि प्रदेश के युवाओं को देश के बाहर रोजगार उपलब्ध कराने के लिए ‘विदेश रोजगार प्रकोष्ठ’ का गठन किया है। स्टार्टअप को बढ़ावा देने के लिए 200 करोड़ का वेंचर फंड भी तैयार की जा रही है। सीएम ने कहा कि हमने मुख्यमंत्री कौशल उन्न्यन एवं वैश्विक रोजगार योजना को कैबिनेट में मंजूरी दी। इससे युवा अपना कौशल विकसित कर विदेशों में भी रोजगार प्राप्त कर सकते हैं। विदेश में रोजगार के इच्छुक युवाओं से संबंधित डाटावेस तैयार करने के लिए ‘अपुणी सरकार पोर्टल’ पर एप्लीकेशन भी विकसित की जा चुकी है।
उद्घाटन कार्यक्रम में डिक्सन कंपनी के वाइस प्रेसिडेंट और प्रबंध निदेशक अतुल बी लाल ने कहा, कंपनी वर्तमान में 25 हजार कर्मचारियों को प्रत्यक्ष-अप्रत्यक्ष से रोजगार मुहैया करवा रही है। बताया कि वित्त वर्ष 2023 में कंपनी ने 12000 करोड़ रुपये का कारोबार किया था। कंपनी इलेक्ट्रॉनिक्स, घरेलू उपकरणों, एलईडी लाइट, मोबाइल फोन, सुरक्षा निगरानी प्रणाली, आईटी हार्डवेयर उत्पादों, दूरसंचार और नेटवर्किंग प्रोडक्ट्स, वैयरेबल्स और रेफ्रिजरेटर आदि का निर्माण कर रही है। वहीं, नेशनल अप्रेंटिसशिप एंड प्रमोशन स्कीम में सरकार के साथ भागीदारी कर कौशल विकास और सामाजिक समावेश में सक्रिय रूप से कार्य किया जा रहा है। कंपनी के नई उत्पादन ईकाई में करीब एक हजार लोगों को रोजगार मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।
इस दौरान सहसपुर विधायक सहदेव सिंह पुंडीर और कंपनी के अन्य कर्मचारी उपस्थित रहे।