अमलावा नदी से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र साहिया के भवन को उत्पन्न हुए खतरे को देखते हुए सिंचाई विभाग ने रविवार ने नदी का बहाव बदलने के लिए चैनलाइलेशन का कार्य शुरू कर दिया है। भूमि कटाव को रोकने के लिए तारजाल भरने के साथ ही नदी की तरफ 90 डिग्री के कोण पर कंक्रीट का स्पर (तटबंध) बनाया जाएगा।
रविवार को क्षेत्रीय विधायक प्रीतम सिंह ने सिंचाई विभाग के अधिकारियों के साथ मौके का निरीक्षण किया। खतरे को देखते हुए शीघ्र सुरक्षात्मक कार्य कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सोमवार को वे इस संबंध में सचिव से मिलकर तत्काल बाढ़ सुरक्षा कार्य के लिए बजट उपलब्ध कराने का अनुरोध करेंगे। कहा कि बाढ़ सुरक्षा कार्य कराए जाने बेहद जरूरी है।
पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष रामशरण नौटियाल ने भी मौके का मुआयना किया। उन्होंने इस संबंध में एसडीएम और सिंचाई विभाग के अधिकारियों से जानकारी ली। बतादें कि दो दिन पूर्व साहिया बाजार के बीचों बीच बहने वाली अमलावा नदी के उफान पर आने से साहिया बाजार सहित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र को खतरा उत्पन्न हो गया था। भूमि कटाव से प्राथमिक विद्यालय और राजकीय इंटर काॅलेज के भवन भी खतरे की जद में आ गया था।
सिंचाई विभाग खंड अंबाड़ी के अधिशासी अभियंता पीएन राय ने बताया कि पोकलैंड और जेसीबी मशीन लगाकर नदी के बहाव को मोड़ने के लिए चैनलाइजेशन का कार्य शुरू कर दिया गया है। तार जाल मंगा लिए गए है। शीघ्र ही तारजाल भरने का कार्य शुरू कर दिया जाएगा। उन्होंने बताया कि नदी से भूमि कटाव को रोकने लिए तटबंध का निर्माण किया जाएगा। इस मौके पर एसडीएम कालसी युक्ता मिश्रा भी मौजूद रहीं।
अनियमितता का आरोप लगाकर किया विरोध
भूमि कटाव को रोकने के लिए सिंचाई विभाग की ओर से शुरू किए गए कार्य में अनियमितता का आरोप लगाते हुए स्थानीय लोगों ने विरोध किया। उनका आरोप था कि बिना कंक्रीट और मिक्चर के ब्लॉक भरान किया जा रहा था। कमलेश भट्ट ने कहा कि आपदा के कार्य में भी गुणवत्ता का ध्यान नहीं रखा गया। अधिशासी अभियंता पीएन राय ने कहा कि मानकों के अनुरूप निर्माण कार्य किया जा रहा है। विरोध करने वालों में रणवीर सिंह राय, शेर सिंह भाटी, कपिल राय, महिपाल राय, अमर सिंह, ज्ञान सिंह राय, अनिल राय आदि मौजूद रहे।