एक व्यक्ति से इंटीरियर डिजाइन करने के नाम पर महिला ने तीन लाख रुपये हड़प लिए। आरोप है कि महिला ने नकद तीन लाख रुपये एडवांस लिए। इसके बाद न काम किया और न ही धन लौटाया। इन आरोपों के आधार पर पुलिस ने महिला डिजाइनर के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है।
पटेलनगर इंस्पेक्टर सूर्यभूषण नेगी ने बताया, रविंद्र गाबा निवासी देहराखास ने शिकायत की है। गाबा का कहना है कि उन्होंने जनवरी में देहराखास में मकान बनवाया था। इसके इंटीरियर डिजाइन के लिए पैसेफिक गोल्फ एस्टेट में रहने वाली डिजाइनर माहीन खान से संपर्क किया। माहीन ने मकान देखने के बाद आठ लाख रुपये का खर्च बताया। तीन लाख रुपये नकद एडवांस के तौर पर ले लिए। कई दिनों तक काम नहीं किया तो उन्होंने माहीन खान को फोन किया। माहीन उन्हें टालने लगी। इसके बाद काम करने से इन्कार कर दिया। उन्होंने अपने पैसे वापस मांगे तो वह भी नहीं लौटाए। इंस्पेक्टर ने बताया, माहीन खान के खिलाफ धोखाधड़ी के आरोप में मुकदमा दर्ज कर जांच की जा रही है।