दस साल पहले गणेश चतुर्थी के दिन ही स्थापित किया गया था मंदिर
राजधानी दून में भगवान गणेश अमूमन हर मंदिर में विराजमान हैं, लेकिन शहर में गणपति का इकलौता मंदिर खुड़बुड़ा मोहल्ले में स्थित है। मान्यता है कि इस मंदिर में भक्तों के विघ्न दूर होते हैं। इस मंदिर को दस साल पहले गणेश चतुर्थी के दिन ही स्थापित किया गया था। इस मंदिर से काफी भक्तों की आस्था जुड़ी है।
आचार्य पंडित दीपेंद्र नौटियाल बताते हैं कि शहर में गणपति का कोई भी मंदिर नहीं था। इस कारण लोगों ने भगवान गणेश का मंदिर बनवाने का निर्णय लिया। इसके लिए एक महिला ने अपनी जमीन दान दी। इसके बाद स्थानीय लोगों के सहयोग से 9 सितंबर 2013 को इस मंदिर की स्थापना की गई। बताया कि मंदिर में दूर-दूर से लोग आकर भगवान गणेश की पूजा करते हैं। हर वर्ष गणेश चतुर्थी के पर्व पर भव्य कार्यक्रम आयोजित कर मंदिर का स्थापना दिवस मनाया जाता है।
मंदिर बनने से नाम पड़ा गणेश चौक
स्थानीय निवासी प्रथक बताते हैं कि खुड़बुड़ा में गणपति का मंदिर बनने के बाद ही चौक का नाम गणेश चौक पड़ा। मंदिर के कारण इस स्थान को नई पहचान मिली। मंदिर की वजह से गणेश चौक देहरादून के साथ ही अन्य स्थानों पर भी जाना जाता है।