I
I समर्थकों के साथ नामांकन करने पहुंचे आर्यन संगठन के हर्षI
वीर शहीद केसरी चंद राजकीय महाविद्यालय में छात्र नेताओं ने अपने समर्थकों को साथ शक्ति प्रदर्शन कर नामांकन पत्र दाखिल किया। शनिवार को महाविद्यालय में आर्यन छात्र संगठन के अध्यक्ष पद प्रत्याशी हर्ष शर्मा ने अपने समर्थक के साथ नामांकन पत्र जमा किया। वहीं एबीवीपी अध्यक्ष के प्रत्याशी आशीष बिष्ट को उनके समर्थकों ने कंधे पर उठाकर रैली के साथ नामांकन दाखिल करवाया।
शनिवार को कॉलेज परिसर पूरी तरह से चुनावी रंग में रंगा नजर आया। छात्र नेताओं ने अपने-अपने संगठन के लिए जमकर नारेबाजी की। एबीवीपी के अध्यक्ष पद के प्रत्याशी आशीष बिष्ट जैसे ही नामांकन करने कॉलेज पहुंचे तो समर्थकों ने उन्हें अपने कंधे पर उठा लिया। समर्थक नारेबाजी करते हुए उनको नामांकन कक्ष तक ले गए।
आर्यन छात्र संगठन के अध्यक्ष प्रत्याशी हर्ष शर्मा भी अपने समर्थकों के साथ नामांकन करने पहुंचे। इस दौरान दोनों संगठन के समर्थक कई बार आमने-सामने आए, जिसके चलते आपसी तनातनी का माहौल भी रहा। हालांकि कॉलेज में विकासनगर कोतवाली, सहसपुर और कालसी का पुलिस बल तैनात था। ऐसे में संगठनों के बीच आपसी संघर्ष की स्थिति नहीं बनी। वरिष्ठ उप निरीक्षक भुवन चंद्र पुजारी, रविंद्र नेगी, अर्जुन गुसाईं, पंकज कुमार छात्रों से शांति पूर्वक नामांकन करने की अपील करते हुए व्यवस्था बनाते नजर आए।
Iविभिन्न पदों के लिए 14 ने किया नामांकनI
महासचिव पद के लिए एबीवीपी से प्रियांशु नौटियाल, केसरी युवा छात्र संगठन से विशाल शर्मा समेत दो प्रत्याशियों ने पर्चा भरा। विश्वविद्यालय प्रतिनिधि के लिए एबीवीपी से रोहन सप्पल, आर्यन से शिवम भटनागर ने नामांकन पत्र जमा कराया। इसके अतिरिक्त अंशुल ने एनएसयूआई और राहुल तोमर ने निर्दलीय प्रत्याशी के रूप में नामांकन किया। उपाध्यक्ष पद के लिए आर्यन संगठन से पूजा, एबीवीपी से माही बर्मा ने नामांकन पत्र भरा। कोषाध्यक्ष के लिए एबीवीपी से बंशिका, आलोक ने निर्दलीय, सहसचिव के लिए अंशित तिवारी निर्दलीय और यशवंत भट्ट ने एबीवीपी से नामांकन दाखिल किया।