नौ गांवों की 25 हजार की आबादी होगी लाभांवित
63 करोड़ की लागत से तैयार की गई है योजना
भविष्य में विकासखंड के ग्रामीण क्षेत्र के बाशिदों को पेयजल संकट से नहीं जूझना पड़ेगा। जीवनगढ़ पैरी अर्बन पेयजल योजना का निर्माण कार्य लगभग पूरा हो चुका है। इन दिनों घरों के कनेक्शनों को जोड़ने का कार्य चल रहा है। योजना से करीब 25 हजार की आबादी लाभान्वित होगी।
वर्ष 2021 में 63 करोड़ रुपये की पैरी अर्बन पेयजल योजना का निर्माण कार्य शुरु किया गया था। कार्यदायी संस्था जल संस्थान को बनाया गया। योजना अगले 30 सालों की जरूरत को देखते हुए तैयार की गई। प्रोजेक्ट मैनेजर विजय कुमार ने बताया कि योजना के तहत आठ नलकूप और नौ ओवरहेड टैंक बनाए गए हैं।
योजना से करीब 7 हजार कनेक्शन दिए जाएंगे। कनेक्शन जोड़ने का काम तेजी से चल रहा है। करीब 185 किमी लंबी पेयजल लाइन बिछाई गई है। लाइनों की टेस्टिंग का कार्य पूरा हो चुका है। 18 घंटे घरों में पानी की आपूर्ति होगी। वाटर सप्लाई सेंसर पर आधारित होगी। वाटर मीटर, प्रेशर ट्रांसमीटर, फ्लो मीटर लगाए गए हैं।
नौ जोन में बंटा है प्रोजेक्ट
प्रोजेक्ट को नौ जोन में बांटा गया है। जिसमें जामनखाता, बदामावाला, पृथ्वीपुर, भोजावाला, अंबाड़ी, मेहूवाला खालसा, जीवनगढ़, लाइन जीवन, गोकुलवाला शामिल हैं। इन गांवों में अक्सर पानी की समस्या बनी रहती थी।
प्रोजेक्ट को भविष्य की जरूरतों को देखते हुए तैयार किया गया है। भविष्य में ग्रामीण क्षेत्र की आबादी को खासकर गर्मियों में पानी की समस्या से नहीं जूझना पड़ेगा। चार मंजिल तक पानी प्रेशर के साथ पहुंचेगा। - मुन्ना सिंह चौहान, विधायक विकासनगर