कालसी तहसील के देऊ गांव में पिछले डेढ़ साल से नलों से पानी नहीं आ रहा है। गांव वालों को 500 मीटर दूर प्राकृतिक स्रोत से पानी की आपूर्ति पूरी करनी पड़ रही है। ग्रामीणों ने पेयजल विभाग के खिलाफ प्रदर्शन कर शीघ्र पेयजल योजना संचालित करने की मांग की है। वहीं, खाली बाल्टी दिखाकर विरोध भी प्रकट किया।
गांव स्याणा कुंदन सिंह चौहान के नेतृत्व में गांव की महिलाएं और पुरुष पंचायती आंगन में एकत्र हुए। उन्होंने जल संस्थान विभाग के विरुद्ध जमकर नारेबाजी की। ग्रामीणों का कहना है कि देऊ गांव में 30 से अधिक परिवार निवास करते हैं, जिनके लिए 1996-97 में जाडी खमरोली होते हुए गांव तक पेयजल विछाई गई थी, लेकिन विभाग की लापरवाही के कारण पिछले डेढ़ साल से पेयजल लाइन में बूंद भर पानी नहीं आ रहा है। गांव स्याण कुंदन सिंह ने बताया कि 500 मीटर दूर प्राकृतिक स्रोत से पानी ढोकर लाना पड़ रहा है। महिलाओं ने खाली बाल्टियां दिखाकर विरोध भी जताया। उन्होंने जल संस्थान विभाग के अधिकारियों से शीघ्र समस्या के निस्तारण की मांग की। इस दौरान मदन सिंह, राकेश चौहान, महावीर सिंह, जीत राम, जवाहर सिंह, फूलों देवी,कमला देवी, लक्ष्मी देवी, सविता, पारो देवी आदि मौजूद रहे।