एमडीडीए की टीम ने धर्मावाला में 100 बीघा भूमि पर हुए अवैध निर्माण को ध्वस्त कर दिया। कॉलोनाइजर को पूर्व में निर्माण कार्य रोकने के लिए नोटिस जारी किया गया था। बावजूद काम जारी रहा। टीम ने दोबारा निर्माण शुरू करने पर कानूनी कार्रवाई की चेतावनी दी है।धर्मावाला में बिना नक्शा पास कराए अवैध निर्माण की शिकायत मिली थी। इस संबंध में एसडीएम विकासनगर ने एमडीडीए को कार्रवाई के लिए पत्र लिखा था। बुधवार को सहायक अभियंता अभिषेक भारद्वाज टीम के साथ सहारनपुर रोड स्थित धर्मावाला में पहुंचे। वहां स्वस्तिक कंपनी के विकी अरोड़ा, तेज पटवाल और सुमंत नेगी 100 बीघा भूमि पर अवैध निर्माण करा रहे थे। टीम ने जेसीबी से प्लाटिंग में बने निर्माण को ध्वस्त कर दिया। एमडीडीए के उपाध्यक्ष बंशीधर तिवारी ने बताया कि नोटिस जारी करने के बाद भी निर्माण कार्य जारी था। बताया कि दोबारा निर्माण कार्य शुरू करने पर कानूनी कार्रवाई की जाएगी। टीम में जेई मनवीर पंवार, जेई पीएमयू संजय जगूड़ी, सुपरवाइजर प्यारेलाल और पुलिस टीम शामिल रही।