नदी में कूड़ा फेंकने की तैयारी में युवक
- फोटो : अमर उजाला
नगर निगम की कूड़ा गाड़ी घर-घर नहीं पहुंच रही तो अज्ञात बाइक सवार घरों से कूड़ा उठान कर रहे हैं। यह कूड़ा बिंदाल नदी में डंप कर रहे हैं। नगर निगम इससे अनजान है। अमर उजाला के रिपोर्टर ने मंगलवार को यह स्थिति देखी तो इस मामले की तस्वीर ले ली। इससे एक दिन पहले भी अमर उजाला ने घरों से बाइक पर कूड़ा उठान करने के दौरान की फोटो प्रकाशित की थी।
दो दिन की तस्वीरों में यह स्पष्ट हो गया है कि किस तरह से शहर में कूड़ा उठान के लिए बाइक गैंग सक्रिय है। यह घरों से कूड़ा उठान करते हैं और फिर नदी में फेंक देते हैं। शहरवासियों का कहना है कि बाइक से कूड़ा उठान के लिए यह प्रतिमाह 100 रुपये लेते हैं। नदी में कूड़ा डंप किए जाने से वह प्रदूषित हो रही है। नदी जगह-जगह कूड़े से पट रही है। खुले में कूड़ा डंप होने की वजह से वातावरण प्रदूषित हो रहा है। बता दें कि नगर निगम की ओर से शहर में कूड़ा उठान के लिए तीन कंपनियों को जिम्मा सौंपा गया है। इसके बाद भी हर गली-मोहल्ले से कूड़ा उठान नहीं हो पा रहा है। सही तरीके से कूड़ा उठान न होने का फायदा कुछ बाइक सवार उठा रहे हैं। यह घर-घर जाकर बाइक पर कूड़ा उठान कर रहे हैं। इसके एवज में लोगों से धनराशि भी ले रहे हैं।
Rishikesh: जल्दी करें रोमांच के शौकीन, पांच दिन बाद बंद हो जाएगी राफ्टिंग, जानिए फिर कब होगी शुरू
बाइक सवार प्रतिमाह 100 रुपये लेते
स्थानीय निवासियों ने बताया कि बाइक सवार कूड़ा ले जाने के लिए प्रतिमाह 100 रुपये ले रहे हैं। वहीं, कूड़ा गाड़ी प्रतिमाह 50 से 80 रुपये लेती है। ऐसे में लोगों को बाइक पर कूड़ा देना महंगा जरूर पड़ रहा है, लेकिन वह 100 रुपये देने को तैयार हैं। इसकी बड़ी वजह यह है कि बाइक सवार घर से कूड़ा ले जा रहा है।