मौके पर पहुंचे लोगों ने खिड़की से अंदर झांककर देखा तो पाया कि बलदेव रस्सी से लटका हुआ था। उन्होंने पुलिस और प्रशासन को घटना से अवगत कराया। अगस्त्यमुनि से थानाध्यक्ष रवींद्र कुमार कौशल और ऊखीमठ से तहसीलदार श्रेष्ठ गुनसोला मयफोर्स मौके पर पहुंचे। दरवाजा तोड़ा गया तो भीतर का दृश्य देख हर कोई कांप गया।
फर्श पर ज्योति देवी लहूलुहान हालत में मृत पड़ी थी। पास ही खून लगी लाठी भी पड़ी थी। बलदेव मृत हालत में फांसी पर झूल रहा था। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लिया और तहसीलदार की मौजूदगी में पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा।
थानाध्यक्ष कौशल ने बताया कि महिला का सिर और चेहरा खून से सना हुआ था। घटनास्थल की हालत देखकर लगता है कि महिला के पति ने उस पर लाठी से कई वार कर उसे मौत के घाट उतार दिया। बाद में उसने स्वयं भी फांसी लगाकर जान दे दी। पुलिस के अनुसार, बलदेव के कुछ दिन से मानसिक तनाव में होने की बात सामने आई है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही आगे कुछ कह सकना संभव होगा।