देहरादून। श्री महंत इन्दिरेश अस्पताल के कर्मचारियों ने फर्श में पड़ा एक तीमारदार का पर्स लौटाया। पर्स में 22 हजार रुपए थे। श्री महंत इन्दिरेश अस्पताल में भर्ती शोभा के पुत्र जयदीप कुमार शुक्रवार सुबह रिसेप्शन एरिया में खड़े थे। तभी अचानक जेब से उनका पर्स गिर गया। उन्हें इस बात का आभास ही नहीं हुआ कि पर्स जेब से गिर चुका है। इस बीच अस्पताल के रिसेप्शन एरिया में तैनात अस्पताल कर्मी सोहन सिंह ग्वाडी को पर्स मिल गया। पर्स में लगभग 22 हजार रुपए व जरूरी कार्ड थे। कार्ड देखकर उन्हें पर्स के मालिक का नाम जयदीप मालूम पड़ा। उन्होंने पूछताछ काउंटर की स्टाफ मोनिका को इस बात की सूचना दी। रिसेप्शन स्टाफ संगीता गुसाईं ने एनाउंसमेंट कर जयदीप कुमार को बुलवाया व उन्हें उनका पर्स, रकम व जरूरी कार्ड उपलब्ध करवाए। जयदीप कुमार ने अस्पताल कर्मचारियों की ईमानदारी की भूरी-भूरी प्रशंसा की। अस्पताल के चिकित्सा अधीक्षक डाॅ. विनय राय ने जयदीप कुमार की मदद करने वाले अस्पताल कर्मियों को शाबाशी दी।