विकासनगर/सेलाकुई। शहर और गांव में रविवार का दिन होलिका दहन की तैयारियों में गुजरा। होली के जोश में सराबोर युवा दिनभर डीजे की धुन पर झूमते रहे। शाम ढलते ही होलिका दहन स्थल बिजली की रोशनी और होली के गीतों से गूंज उठे। ढोल की थाप और होली के गीतों के बीच शुभ मूर्हत में देर रात होलिका दहन हुआ।
पछवादून क्षेत्र के विकासनगर, डाकपत्थर, हरबर्टपुर, सहसपुर, सेलाकुई, दिनकर विहार, सरस्वती विहार, आदर्श कालोनी के साथ ही ग्रामीण क्षेत्रों में 500 से अधिक जगहों पर होलिका दहन किया गया। दोपहर बाद श्रद्धालुओं ने होली दहन स्थल पर पहुंच कर पूजन किया। महिलाओं ने होली को गोबर के कंडे से बनी माला, हल्दी, आटा, मेवे, गुड, गुझिया और दूसरे पकवान अर्पित किए। होली का तिलक किया। एक दूसरे को गुलाल लगाकर शुभकामनाएं दीं। होलिका के चारों ओर कच्चा धाखा बांधकर परिक्रमा की। सिनेमा गली में विशाल होलिका तैयार की गई थीं। होली पूजन और दहन के लिए बच्चों में खूब उत्साह बना रहा। मुहूर्त के अनुसार रात 11:30 बजे होलिका दहन किया गया। सहसपुर क्षेत्र के बंजारा गली, बायां खाला, शेरपुर, रामपुर, शिव मंदिर आदि जगहों पर होली दहन कार्यक्रम हुए। लोग देर रात तक होली के गीतों पर झूमते रहे।