पुरानी बाजार के शैलेंद्र साह ने बताया कि चीर आरोहण के साथ मां महाकाली की पूजा की जाती है। कुमाऊं में पुरानी बाजार, महाकाली दरबार गंगोलीहाट और द्वाराहाट में अष्टमी पर चीर आरोहण कर होली शुरू हो जाती है। अन्य जगहों पर एकादशी का रंग पड़ने के साथ होली गायन शुरू होता है और खड़ी होली की धूम मचती है।
पहले दिन 'कैले बांधी हो चीर रघुनंदन राजा' और मां महाकाली से संबंधित होली गायन किया जाता है। पुरानी बाजार में चीर आरोहण के बाद शिवालय के पुजारी ललित मोहन पुनेठा मंदिर के साथ ही पितरोटा स्थित कालसिन मंदिर, मां उल्का देवी, घंटाकरण मंदिर में मां महाकाली की पूजा करते हैं।
रात में श्रृंगार और वीर रस से संबंधित होलियों का गायन होता है। इस होली को सांप्रदायिक सौहार्द की मिसाल भी माना जाता है। हिंदू और मुस्लिम परिवार रात में गाजे-बाजे के साथ होली के गीतों में मस्त हो जाते हैं।
रात को कभी आलू तो कभी सूजी होल्यारों (होली गायन करने वालों का समूह) को खिलाई जाती है। आज गाजे-बाजे के साथ लिंठ्यूड़ा से मेल का पेड़ चीर के रूप में लाया जाएगा। इसमें पुरानी बाजार में रहने वाले लोग सामूहिक रूप से रंग-बिरंगे कपड़ों की चीर बांध परिवार की खुशहाली की कामना करते हैं।