डेंगू से निपटने के लिए की गई व्यवस्थाओं का जायजा लेने के लिए सचिव, चिकित्सा स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण डॉ. आर राजेश कुमार बृहस्पतिवार को देहरादून शहर के वार्डों में पहुंचे। इस दौरान उन्होंने डेंगू रोकथाम अभियान का जायजा लिया और चिकित्सालयों में जाकर भी व्यवस्थाएं जांची। वहीं स्वास्थ्य महानिदेशक डॉॅ. विनीता शाह ने भी कोरोनेशन जिला चिकित्सालय, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र रायपुर तथा उप जिला चिकित्सालय प्रेमनगर का निरीक्षण किया। डॉ. शाह ने सभी चिकित्सालयों में डेंगू मरीजों के लिए अतिरिक्त बेड की व्यवस्था रखने, आइसोलेशन वार्ड बनाने तथा त्वरित उपचार उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। मा.सि.रि.
रायपुर चिकित्सालय में बनेगा डेंगू आइसोलेशन वार्ड
देहरादून। जिला स्तरीय अनुश्रवण टीम ने अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. दिनेश चौहान के नेतृत्व में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र रायपुर, उप जिला चिकित्सालय प्रेमनगर, संजना पैथोलॉजी लैब, सविता पैथ लैब का निरीक्षण किया। टीम ने रायपुर चिकित्सालय में डेंगू आइसोलेशन वार्ड बनाने के लिए स्थान को चिह्नित किया तथा दो आईसीयू बेड लगाने और उप जिला चिकित्सालय में आइसोलेशन वार्ड बनाने के निर्देश दिए। मा.सि.रि.
संविदा कर्मचारी की तबीयत बिगड़ी
देहरादून। पिछले तीन दिनों से आमरण अनशन पर बैठी कोविड संविदा कर्मचारी निशा की तबीयत बृहस्पतिवार शाम बिगड़ गई। पुलिस ने निशा को जिला अस्पताल में भर्ती कराया। दरअसल कोविड कर्मचारी समायोजन की मांग को लेकर पिछले 34 दिनों से एकता नगर स्थित धरना स्थल पर आमरण अनशन पर बैठे हैं। इन्हीं में एक कर्मचारी निशा दो दिन पहले अनशन पर बैठी थीं। बृहस्पतिवार दोपहर मेडिकल टीम ने जांच की और उन्हें अस्पताल जाने की सलाह दी, लेकिन वह नहीं मानी। शाम को तबीयत बिगड़ने पर पुलिस की टीम ने उन्हें अस्पताल पहुंचाया। हालांकि इस दौरान पुलिस को विरोध का भी सामना करना पड़ा।