मानसून से पहले सीएमओ ने बुलाई बैठक, सोमवार से 60 वार्डों में सघन जागरूकता अभियान
प्री मानसून की बारिश के साथ ही स्वास्थ्य विभाग ने डेंगू, मलेरिया रोकथाम के लिए तैयारी शुरू कर दी है। सभी अस्पतालों को डेंगू परीक्षण किट आपूर्ति की जा रही है। अस्पतालों को डेंगू, मलेरिया के लिए अलग वार्ड तैयार करने के निर्देश दिए गए हैं। सभी ब्लड बैंकों को रक्त की उपलब्धता की भी स्वास्थ्य विभाग को जानकारी देने के निर्देश दिए गए हैं।
बृहस्पतिवार को सीएमओ डॉ. संजय जैन ने बैठक में डेंगू से बचाव के लिए रणनीति तैयार करने, संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों को जिम्मेदारियां तय करने के निर्देश दिए। कहा कि सोमवार से नगर निगम के तहत चिह्नित 60 वार्डों में सघन जागरूकता अभियान और सोर्स रिडक्शन गतिविधि का संचालन किया जाएगा। इसके लिए माइक्रो प्लान तैयार किया गया है। समुदाय स्तर पर जागरूकता अभियान और सोर्स रिडक्शन का कार्य आशा कार्यकर्ताओं की ओर से किया जाएगा। क्षेत्र की आशा कार्यकर्ताओं को प्रशिक्षण भी दिया जा रहा है। नगर निगम की कूड़ा एकत्र करने वाले वाहनों के माध्यम से भी माइकिंग और पंपलेट वितरण कर प्रचार-प्रसार किया जा रहा है।
सीएमओ डॉ. संजय जैन ने बताया कि विगत वर्ष सबसे अधिक डेंगू, मलेरिया केस वाले क्षेत्रों को हॉट स्पॉट के रूप में चिह्नित कर विशेष रणनीति के तहत कार्य किया जा रहा है। शुरुआती दौर में जनसमुदाय को डेंगू, मलेरिया फैलने के कारणों के प्रति जागरूक करना प्राथमिकता है। सोर्स रिडक्शन गतिविधि के तहत समुदाय में लार्वा साइट का चिह्नीकरण नष्ट करने के निर्देश टीम को दिए गए हैं।
सीएमओ ने की जनसमुदाय से की अपील
सीएमओ ने जनसमुदाय से अपील करते हुए कहा कि सभी लोग सप्ताह में कम से कम दो बार अपने घरों के आसपास रुके हुए पानी को साफ करें। स्वच्छता बनाए रखें। कूलर के पानी को सप्ताह में दो बार बदलें। पीने के पानी को ढककर रखें। पूरा शरीर को ढकने वाले कपड़े पहनें। बच्चों को फुल आस्तीन के कपड़े पहनाकर स्कूल भेजें। घर के आसपास पुराने बर्तन, टायर, टूटे बर्तन, गमले आदि में पानी जमा ना होने दें और सोते समय मच्छरदानी का उपयोग करें।
बैठक में ये रहे मौजूद
बैठक में एसीएमओ एनएचएम डॉ. निधि रावत, जिला सर्विलांस अधिकारी डॉ. सीएस रावत, एपिडेमियोलॉजी डॉ. पियूष, एनवीबीडीसीपी कंसल्टेंट मनीषा बिष्ट, जिला आईईसी समन्वयक पूजन नेगी, डाटा मैनेजर दीपक सहल, आशा समन्वयक दिनेश पांडे, पंचम बिष्ट, लैब टेक्नीशियन आशीष किमोठी आदि उपस्थित रहे।