इस्लामिया कादरी चेरिटेबल ट्रस्ट व डाॅ. एपीजे अब्दुल कलाम यूथ क्लब की ओर से मंडी का कुंआ स्थित रोशन अली मजार पर स्वास्थ्य जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया।
कार्यक्रम में लोगों और युवाओं को क्षय रोग व एचआईवी एड्स की रोकथाम, लक्षण और इलाज के संबंध में जानकारी दी गई। नमामि गंगे के जिला परियोजना अधिकारी सत्यदेव आर्य ने कार्यक्रम में नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करते हुए लोगो से नशे को समाज से जड़ से उखाड़ने का आह्वान किया।
जिला टीबी कार्यक्रम के सुपरवाइजर डाॅ. मोहम्मद सलीम ने टीबी के संक्रमण, लक्षण व इलाज के बारे में जानकारी दी। बताया कि टीबी मुक्त भारत करने के लिए युद्ध स्तर पर कार्य किया जा रहा है। जिला एड्स नियंत्रण समिति के समन्वयक दीपक शर्मा ने एड्स को रोकने, बचाव व संक्रमण की जानकारी दी। इस मौके पर ट्रस्ट के अध्यक्ष बाबर खान, नदीम अली, फैजान, जैनुल अंसारी, नासिर खान, गुलबहार कुरैशी, एडवोकेट सुब्हान अली और सकूने नजर अंसारी आदि मौजूद थे।