काम पर जाने से मना करने पर 15 वर्षीय किशोर पर थिनर डालकर जलाने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। उपचार के दौरान किशोर की मौत हो गई। घटना नौ फरवरी की है। कोर्ट के आदेश पर सिडकुल पुलिस ने दो नामजद समेत चार लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है।
पुलिस के मुताबिक नफीस निवासी मोहल्ला जहांगीर पट्टी मुजफ्फरनगर यूपी ने कोर्ट में प्रार्थना पत्र देकर बताया कि माजिद निवासी मोहल्ला जहांगीर पट्टी सूजडू, आरिफ निवासी मॉडल टाउन सूजडू उसके पुत्र अरहान (15) को बहला फुसलाकर 27 जनवरी को घर से लेकर गए थे।
शाम तक अरमान घर नहीं पहुंचा तो उसकी तलाश की गई। मगर कुछ पता नहीं चला। बाद में जानकारी मिली कि माजिद और आरिफ बेटे अरहान को सिडकुल रोशनाबाद ले गए। जहां उससे जबरदस्ती काम कराया जा रहा है।
आरोप है कि नौ फरवरी को उसे जबरदस्ती काम कराने के लिए ले जाने की कोशिश की। जब उसने काम करने से मना किया तो मारपीट की गई। थिनर डालकर उसे जला दिया। इसके बाद आरोपी उसे छोड़कर भाग गए।
अन्य लोग उसे जिला अस्पताल लेकर गए। सूचना पर नफीस हरिद्वार पहुंचे। बेटे की हालत ज्यादा बिगड़ने पर उसे एम्स बर्न एंड प्लास्टिक सर्जरी नई दिल्ली लेकर गए। जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। थाना प्रभारी प्रमोद उनियाल ने बताया कि कोर्ट के आदेश पर आरोपी अब्दुल रहमान व आरिफ और दो अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।