- मुख्यमंत्री चैंपियनशिप ट्रॉफी में खेली गईं विभिन्न प्रतियोगिताएं
माई सिटी रिपोर्टर
देहरादून। मुख्यमंत्री चैंपियनशिप ट्राॅफी के तहत सोमवार को कबड्डी और खो-खो प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। इसमें विभिन्न जिलों की टीमों ने अपना दम दिखाया। महाराणा प्रताप स्पोर्ट्स कॉलेज रायपुर में अंडर-14 व 19 बालक-बालिकाओं के मुकाबले खेले गए। इसमें हरिद्वार लोक सभा के खाते में दोहरी जीत आई। बालक वर्ग की कबड्डी प्रतियोगिता में हरिद्वार लोक सभा ने टिहरी लोक सभा को 26-31 से, चमोली राज्य सभा ने पौड़ी लोक सभा को 33-32 से, हरिद्वार राज्य सभा ने अल्मोड़ा लोक सभा को 37-16 से और नैनीताल लोक सभा ने देहरादून राज्य सभा को 38-16 के स्कोर से हराया। वहीं, बालिका खो-खो प्रतियोगिता की अंडर-14 में हरिद्वार लोक सभा ने देहरादून राज्य सभा को आठ प्वाइंट से, गढ़वाल राज्य सभा ने हरिद्वार राज्य सभा को सात प्वाइंट से शिकस्त दी। बालक वर्ग में टिहरी लोक सभा ने अल्मोड़ा लोकसभा को दो प्वाइंट से, पौड़ी गढ़वाल लोक सभा ने देहरादून राज्य सभा को चार प्वाइंट से हराया। अंडर-19 बालिका वर्ग में देहरादून राज्य सभा ने हरिद्वार राज्य सभा को 10 प्वाइंट से, पौड़ी-गढ़वाल लोकसभा ने नैनीताल लोक सभा को एक प्वाइंट से हराया। समापन समारोह में विजेता टीम को पुरस्कार व प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया। इस मौके पर विभाग के अधिकारी व कर्मचारी मौजूद रहे।