विकासनगर। जन संघर्ष मोर्चा ने प्रदेश के राजकीय माध्यमिक विद्यालयों में कार्यरत अतिथि शिक्षकों का मानदेय 40 हजार रुपये करने की मांग की है। मोर्चा इस मुद्दे को सरकार के समक्ष रखेगा। मोर्चा अध्यक्ष रघुनाथ सिंह नेगी ने शुक्रवार को अस्पताल रोड स्थित कार्यालय में पत्रकारों को बताया कि लगभग पांच हजार अतिथि शिक्षक 10 वर्षों से अधिक समय से कार्यरत हैं। उन्हें मिल रहा 25 हजार रुपये का मानदेय अपर्याप्त है। उन्हें ग्रीष्मकालीन व शीतकालीन अवकाश का वेतन नहीं मिलता। ईपीएफ व ईएसआई जैसी मूलभूत सुविधाएं भी अनुपलब्ध हैं। शिक्षा मंत्री धन सिंह रावत के मानदेय बढ़ाने के निर्देश पर अमल नहीं हुआ है। शिक्षक 100-200 किलोमीटर दूर दुर्गम इलाकों में सेवाएं दे रहे हैं। मोर्चा 40 हजार रुपये मानदेय व अन्य सुविधाएं दिलाने को संघर्ष करेगा। पत्रकार वार्ता में दिलबाग सिंह और प्रवीण शर्मा पिन्नी भी मौजूद रहे। संवाद