कोतवाली पटेलनगर क्षेत्र में दूसरे की जमीन दिखाकर एक व्यक्ति से 18 लाख हड़पने का मामला सामने आया है। कोर्ट के आदेश के बाद पटेलनगर पुलिस ने मुकदमा दर्ज जांच शुरू कर दी है।
उत्तरकाशी निवासी महेश चंद्र भट्ट ने बताया कि वह देहरादून में जमीन देख रहे थे। इस बीच उनकी मुलाकात हसीन अली निवासी गोखरपुर आरकेड़िया से हुई। उसने बताया कि उसकी पत्नी के पास डीएसपी चौक, शिमला बाईपास के पास भूमि है। हसीन ने उन्हें जमीन दिखाई, जो उन्हें पसंद आ गई। इसके बाद जमीन का सौदा 18 लाख में हो गया। विक्रय अनुबंध पत्र के बाद उक्त जमीन पर चहारदीवारी करा दी, लेकिन बाद में जब वह जमीन देखने गए तो वहां पर कोई और निर्माण करवा रहा था।
इस संबंध में उन्होंने पटेलनगर पुलिस से शिकायत की, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। इसके बाद में उन्होंने डीएम कार्यालय में भी शिकायत की, लेकिन यहां भी कोई सुनवाई नहीं हुई। बाद में पता चला कि जो जमीन उन्हें बेची गई थी, वह दूसरे की थी। इसके बाद जब हसीन अली से बात की तो उसने कहा माफी मांगते हुए रकम वापस करने की बात कही।
रकम वापस नहीं किए जाने पर उन्होंने कोर्ट की शरण ली। इंस्पेक्टर पटेलनगर सूर्यभूषण नेगी ने बताया कि आरोपी नसरीन खान, हसीन अली निवासी ग्राम-गोरखपुर, आरकेडिया ग्रांट के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।