अपनी मांगों को लेकर गांधी पार्क के बाहर भूख हड़ताल पर बैठे शिक्षक प्रेरक संगठन के सदस्य।
- फोटो : DEHRADUN
शिक्षा प्रेरक संगठन का अपनी तीन सूत्री मांगों को लेकर रविवार को भी गांधी पार्क में धरना जारी रहा। पूर्व में मुख्यमंत्री की ओर से संगठन की मांगों पर कार्रवाई का आश्वासन दिया गया था, लेकिन अभी तक कोई कार्रवाई नहीं होने से नाराज संगठन ने फिर धरने पर बैठने का निर्णय लिया। 27 दिसंबर को आमरण अनशन पर बैठे संजय चौड़ा कोटी की तबीयत बिगड़ने पर पुलिस प्रशासन एवं स्वास्थ्य विभाग की टीम द्वारा गांधी पार्क मैदान से उठाकर उन्हें दून हॉस्पिटल भर्ती कराया गया। इस दौरान पुलिस प्रशासन के द्वारा शिक्षा प्रेरक संगठन के प्रतिनिधि मंडल की वार्ता मुख्यमंत्री से कराई गई। मुख्यमंत्री द्वारा समायोजन का मामला आगामी कैबिनेट में लाए जाने का आश्वासन दिया गया था, लेकिन कैबिनेट में शिक्षा प्रेरकों का समायोजन का मामला नहीं आया। इससे नाराज शिक्षा प्रेरकों ने फिर गांधीपार्क में धरना प्रदर्शन शुरु कर दिया। धरना स्थल पर प्रदेश अध्यक्ष सुनीता पंवार, प्रदेश महासचिव संजय चौड़ा कोटीस, प्रदेश व्यवस्थापक अरविंद मंमगाई, प्रदेश संयोजक भगवान दास आदि मौजूद रहे। मा.सि.रि.