तेज बारिश में अलसी गांव में एक गोशाला धराशायी हो गई। गनीमत रहीं कि घटना के समय छानी में पशु या ग्रामीण नहीं थे। बारिश ने ग्रामीणों में भय का वातावरण पैदा कर दिया है।
क्षेत्र में मंगलवार की सुबह हुई तेज बारिश ने ग्रामीणों में भय का वातावरण पैदा कर दिया। मौसम विभाग के रेड अलर्ट जारी होने व तेज बारिश के शुरू हो जाने से ग्रामीण कुछ दिन पहले आई आपदा को याद करके भयभीत हो गए। उधर क्षेत्र के ग्राम अलसी में भारी बारिश के कारण एक गोशाला धराशायी हो गई।
सुबह के करीब चार बजे साहिया क्षेत्र में तेज बारिश शुरू हुई। अलसी गांव निवासी राजू खन्ना की दो मंजिली छानी गिर गई। गनीमत यह रही कि घटना के समय उसमें न तो पशु बंधे हुए थे और न ही ग्रामीण या उसके परिवार का कोई सदस्य वहां मौजूद था। बारिश से एक बार फिर से अमलावा नदी का जलस्तर बढ़ने लगा, जिससे ग्रामीणों में दहशत का वातावरण पैदा हो गया। बताते चलें कि कुछ ही दिन पहले अमलावा नदी में आए उफान के कारण क्षेत्र में व्यापक स्तर पर नुकसान हुआ था। नदी में सिंचाई विभाग के माध्यम से कराए जा रहे चैनलाइजिंग के कार्य को भी मौजूदा पानी ने अपने साथ बहा दिया। कालसी के उप जिलाधिकारी सौरभ असवाल ने बताया कि बारिश से गौशाला गिरने की सूचना अभी उन्हें नहीं मिली है। राजस्व निरीक्षक को मौके पर भेजकर नुकसान की जानकारी की जाएगी।