फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

गीता हत्याकांड: हत्यारा प्रेमी पंजाब से गिरफ्तार, शव के तीन टुकड़े कर लगाया था ठिकाने

Sun, 29 Sep 2019 10:04 AM IST
अलका त्यागी न्यूज डेस्क, अमर उजाला, रुद्रपुर
विज्ञापन
- फोटो : प्रतीकात्मक तस्वीर
विज्ञापन

हाल ही में रुद्रपुर में हुए गीता हत्याकांड का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। दूसरी प्रेमिका के चक्कर में प्रेमी ने गीता को मौत को घाट उतार दिया था। शव ठिकाने लगाने के लिए उसने अपने दोस्त को भी 20 हजार रुपये देकर बुलाया था। पुलिस ने मुख्य आरोपी प्रेमी को पंजाब और दूसरे आरोपी को ट्रांजिट कैंप से गिरफ्तार कर लिया। दोनों के कब्जे से हत्या में प्रयुक्त धारदार हथियार और खून से सनी पैंट पुलिस ने बरामद की है। पुलिस ने दोनों आरोपियों को कोर्ट में पेश करने के बाद जेल भेज दिया है। 

विज्ञापन


एसएसपी बरिंदरजीत सिंह ने हत्याकांड का खुलासा करते हुए बताया कि 22 सितंबर की रात में पुलिस को सूचना मिली कि ट्रांजिट कैंप थाना क्षेत्र के वार्ड संख्या दो राजा कॉलोनी में गीता राठौर (35) की हत्या कर दी गई। उसके प्रेमी प्रेमपाल ने धारदार हथियार से शव के तीन टुकड़े कर दिए थे। 23 सितंबर को गीता के पति हेतराम निवासी रेशमबाड़ी ने प्रेमपाल निवासी ग्राम भैसिया, थाना बहेड़ी (यूपी) के खिलाफ हत्या का केस दर्ज कराया था।

घटना के खुलासे के लिए तीन टीमों का गठन किया गया था। आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस और एसओजी ने सर्विलांस की मदद भी ली। पुलिस को सूचना मिली कि आरोपी प्रेमपाल प्रेमिका गीता के साथ कुछ समय पहले मजदूरी करने बागेश्वर गया था। वहां पर पुलिस को सूचना मिली कि आरोपी पहले संभल के चंदौसी में मजदूरी कर चुका है। चंदौसी में पुलिस को पता चला कि आरोपी पहले राजस्थान और पंजाब में भी काम करता था।
विज्ञापन


इसके बाद एक पुलिस टीम पंजाब भेजी गई। पंजाब के थाना बुलोवाल, जिला होशियारपुर से आरोपी प्रेम पाल को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। उसकी निशानदेही पर पुलिस ने हत्या में प्रयुक्त चापड़ और खून से सनी पैंट उसी के कमरे से बरामद कर ली। बता दें कि गीता अपने पांच बच्चों को छोड़कर प्रेमी प्रेमपाल के साथ करीब 11 माह से रह रही थी। 
 

विज्ञापन

दूसरी महिला से हो गया था प्रेम प्रसंग, इसलिए गीता को मारा 

पुलिस पूछताछ में आरोपी प्रेमपाल ने बताया कि बागेश्वर में मजदूरी करने के दौरान ममता नाम की महिला से उसका प्रेम प्रसंग हो गया था। गीता को इसकी जानकारी हो गई थी। इस बात पर दोनों में अनबन रहने लगी। वह गीता से पीछा छुड़ाना चाहता था, इसलिए 21 सितंबर की रात को उसने गीता के साथ कमरे में शराब पी। गीता को नशा अधिक होने पर उसकी गला दबाकर हत्या कर दी। हत्या करने के बाद वह अपने दोस्त सुरेंद्र पाल निवासी जादौपुर, थाना शहजादनगर रामपुर (यूपी) एवं हाल निवासी विवेकनगर ट्रांजिट कैंप के कमरे पर गया। दोनों ने मिलकर शव को काटकर नाले में ठिकाने लगाने की योजना बनाई।

सुरेंद्र पाल ने प्रेमपाल से इस काम के बदले 30 हजार रुपये की मांग की। 20 हजार रुपये में सुरेंद्र मान गया तो प्रेमपाल ने उसे दो हजार रुपये एडवांस में दे दिए। 22 सितंबर को दिन में दोनों बाजार से एक चापड़, काली पन्नी और प्लास्टिक के कट्टे ले आए। दिन में दोनों ने शराब पी और शाम को शव के तीन टुकड़े कर कट्टे में भर लिया। इसी बीच कमरे से काटने की आवाज और बाहर खून निकलता देखकर पड़ोसियों ने शोर मचा दिया। सुरेंद्र शव ले जाने के लिए बाइक लाने गया था। शोर सुनकर प्रेमपाल मौके से फरार गया। भीड़ ने आरोपी प्रेमपाल का पीछा किया लेकिन वह भागने में कामयाब रहा। 

हत्यारे प्रेमपाल पर हैं छह मुकदमे
हत्या के आरोपी प्रेमपाल पर चोरी के आधा दर्जन मुकदमे हैं। इनमें से पांच ट्रांजिट कैंप थाना क्षेत्र में दर्ज हैं जबकि एक मुकदमा रुद्रपुर में दर्ज है। पुलिस ने बताया कि सुरेंद्र पाल के खिलाफ फिलहाल कोई मुकदमा दर्ज नहीं मिला है। आरोपी सुरेंद्र को पुलिस ने ट्रांजिट कैंप के विवेकनगर स्थित कमरे से गिरफ्तार किया था। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह प्रेमपाल के साथ काम पर जाता था। इस कारण दोनों की अच्छी पहचान थी। 
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें