फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Dehradun News: विकासनगर में अघोषित बिजली कटौती के विरोध में बिजलीघर का घेराव, सभासद सहित 203 पर मुकदमा

विज्ञापन
विज्ञापन
नगर पालिका क्षेत्र के बाबूगढ़ में तीन दिन से हो रही पांच घंटे की अघोषित बिजली कटौती के विरोध में स्थानीय लोगों ने मंगलवार की रात बिजलीघर का घेराव किया। वे अधिशासी अभियंता को मौके पर बुलाने की मांग पर अड़ गए और धरना शुरू कर दिया। करीब ढाई घंटे बाद एसडीओ पहुंचे। इसी बीच लोगों से तीखी नोकझोंक हुई। देर रात करीब 3.30 बजे क्षेत्र में बिजली आपूर्ति बहाल होने के बाद लोग वापस घर लौटे। निगम के अवर अभियंता की तहरीर पर कोतवाली पुलिस ने भाजयुमो के जिला उपाध्यक्ष व सभासद अंकित जोशी समेत तीन नामजद और 200 अज्ञात लोगों के खिलाफ बलवा और सरकारी कार्य में बाधा डालने संबंधी धारा में मुकदमा दर्ज किया है।
विज्ञापन


बाबूगढ़ क्षेत्र में मंगलवार की दोपहर एक बजे बिजली गुल हो गई। लोगों के घरों में लगे इन्वर्टर की बैटरी ने जवाब दे दिया। पंखें, कूलर और एसी बंद होने से लोगों के लिए घरों में बैठना मुश्किल हो गया। पेयजल आपूर्ति भी बंद हो गई। काफी देर तक जब विद्युत आपूर्ति बहाल नहीं हुई तो स्थानीय लोग भाजयुमो के जिला उपाध्यक्ष और क्षेत्रीय सभासद अंकित जोशी के घर पहुंचे। सभासद स्थानीय लोगों के साथ रात करीब दस बजे विद्यापीठ मार्ग स्थित बिजलीघर पर पहुंचे। वहां लोगों ने ऊर्जा निगम के अधिशासी अभियंता को मौके पर बुलाने की मांग की। जब करीब एक घंटे तक अधिशासी अभियंता बिजलीघर पर नहीं आए तो लोगों का सब्र जवाब दे गया। उन्होंने बिजलीघर का घेराव करते हुए नारेबाजी शुरू कर दी। सूचना पर कोतवाली प्रभारी राजेश साह, डाकपत्थर चौकी प्रभारी पंकज तिवारी पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। कोतवाली प्रभारी के समझाने पर भी लोग नहीं माने। करीब 12.30 बजे ऊर्जा निगम के एसडीओ अरशद अली मौके पर पहुंचे। इस बीच एसडीओ और लोगों के बीच नोकझोंक हुई। एसडीओ और कोतवाली प्रभारी ने लोगों को समझा-बुझाकर शांत करवाया।
आरोप- लोगों ने 11 केवी के फीडरों को चालू नहीं करने दिया

कोतवाली में दी तहरीर में ऊर्जा निगम के अवर अभियंता बारू सिंह ने बताया कि रात करीब दस बजे 33 केवी की लाइन में फाॅल्ट आने से विद्युत आपूर्ति बाधित हो गई थी। बताया कि रात 23.25 पर आपूर्ति बहाल कर दी गई दी थी। बताया कि अंकित जोशी, नरेंद्र तोमर, रोहित चौहान के नेतृत्व में 200 लोगों ने बिजलीघर में हंगामा किया। सभी ने 11 केवी के फीडरों को चालू नहीं करने दिया। लोगों को एकत्र कर उन्हें उकसाकर कानून व्यवस्था को खराब किया गया। करीब 1.5 घंटे तक करीब 25 हजार उपभोक्ताओं को गर्मी के मौसम में विद्युत आपूर्ति बंद रहने से परेशानी का सामना करना पड़ा। कोतवाली प्रभारी राजेश साह ने बताया कि तीन नामजद सहित 200 लोगों के मुकदमा दर्ज किया गया है। बताया कि वीडियोग्राफी के आधार पर अन्य लोगों की पहचान की जा रही है।
विज्ञापन
विज्ञापन

विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें