II
युवती ने एक एप से लिया था लोन, हाथ के हाथ चुकाया फिर बिना मर्जी दे दिए 13 लोन
I
I
I
Iएक युवती इंस्टेंट लोन एप के जाल में फंस गई। पहले उसने एप से लोन लिया और उसी दिन ब्याज सहित चुका दिया। इसके बाद एप की ओर से एक के बाद एक उसे 13 लोन दे दिए। युवती ने इन्हें भी चुका दिया। बावजूद इसके एप वालों ने उसे बदनाम करना शुरू कर दिया। कई नंबरों से युवती के अश्लील फोटो बनाकर उन्हें शेयर कर डाला। युवती की इस शिकायत पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
I
I
I
Iएक यूनिवर्सिटी में पढ़ने वाली युवती ने प्रेमनगर थाने को शिकायत की है। युवती ने पुलिस को बताया कि उसे कुछ पैसों की जरूरत थी। उसने पहले आरबीआई की रजिस्टर्ड एप से लोन लिया था। उसका भुगतान समय से कर दिया था। इसके बाद उसने फेसबुक पर क्रेडिट गुरु इंस्टेंट लोन एप के बारे में देखा। इस पर दिए गए लिंक पर क्लिक किया तो उसमें आधार आदि की जानकारी मांगी गई। युवती ने इस एप से दो हजार रुपये का लोन ले लिया। इस लोन को उसने कुछ ही समय में ब्याज समेत चुका दिया। इसके बाद युवती के खाते में 21 मई से 27 मई तक कुल 13 बार में लोन भेज दिए। जबकि, इनके लिए उसने कभी आवेदन ही नहीं किया। बावजूद इसके युवती ने 66 हजार रुपये से ज्यादा ब्याज सहित चुका दिए।
I
I
I
Iएप वालों ने फिर से लोन रिकवरी के नाम पर उसे ब्लैकमेल करना शुरू कर दिया। युवती के फोटो को उसके रिश्तेदारों को भेज दिया। युवती घबरा गई और उसे समझ आया कि यह असली एप नहीं बल्कि साइबर ठगों की एक जाल है। एसओ प्रेमनगर गिरीश नेगी ने बताया कि मामले में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। युवती ने दर्जनों नंबरों की सूची दी है। इनके बारे में जांच की जा रही है।I