हाईकोर्ट की बेंच आईडीपीएल ऋषिकेश में स्थापित करने की मांग को गढ़वाल मंडल के अधिकतर विधायकों ने अधिवक्ताओं को समर्थन दिया। बार भवन देहरादून में हुई बैठक में विधायक पहुंचे और उन्होंने जल्द ही प्रस्ताव को मुख्यमंत्री के सामने प्रस्तुत करने का आश्वासन दिया।
बता दें कि पिछले दिनों हाईकोर्ट ने बेंच आईडीपीएल में स्थापित करने के मौखिक आदेश दिए थे। इसके बाद हाईकोर्ट बार एसोसिएशन के अधिवक्ताओं ने इसका विरोध किया तो इसके लिए जनमत संग्रह शुरू किया गया। इसी बीच स्टे अपील सुप्रीम कोर्ट में भी दाखिल हो गई। देहरादून समेत गढ़वाल मंडल की सभी बार एसोसिएशन बेंच को आईडीपीएल में स्थापित करने की मांग कर रही हैं। देहरादून बार एसोसिएशन की अगुआई में इसके लिए कई बैठकें भी हो चुकी हैं। अधिवक्ताओं का मानना है कि यदि यहां पर हाईकोर्ट बेंच या हाईकोर्ट ट्रांसफर हो जाती है तो न्याय सुलभ और पीड़ितों के लिए सस्ता होगा। इसी बीच शनिवार को बार एसोसिएशन देहरादून को गढ़वाल मंडल के अधिकतर विधायकों ने अपना समर्थन दिया। बैठक में बार एसोसिएशन के अध्यक्ष राजीव शर्मा, सचिव राजबीर सिंह बिष्ट, उपाध्याय भानू प्रसाद सिसौदिया, बार काउंसिल के सदस्य राकेश गुप्ता, चंद्रशेखर तिवारी, मनमोहन लांबा, सुरेंद्र सिंह पुंडीर आदि उपस्थित रहे।
समर्थन देने पहुंचे ये विधायक
समर्थन देने पहुंचे विधायकों में राजपुर रोड विधायक खजान दास, विधायक रायपुर उमेश शर्मा काऊ, विधायक कैंट सविता कपूर, विधायक डोईवाला बृजभूषण गैरोला, विधायक टिहरी किशोर उपाध्याय आदि शामिल रहे। उन्होंने अधिवक्ताओं को आश्वासन दिया कि वह जल्द ही उनके साथ जाकर मुख्यमंत्री से मिलेंगे और उनके सामने यह प्रस्ताव रखेंगे कि हाईकोर्ट या हाईकोर्ट बेंच को आईडीपीएल ऋषिकेश में ट्रांसफर किया जाए।