गेल गैस प्रबंधन ने जलसंस्थान को क्षतिपूर्ति के रूप में भुगतान की रकम नहीं चुकाई है। ऐसे में पैसे जमा न करने से गेल प्रबंधन को नये कार्यों की अनुमति भी नहीं मिल पा रही हैं। इससे पीएनजी पाइप लाइन बिछाने का कार्य प्रभावित हो रहा है। दरअसल, राजधानी में गेल गैस इंडिया की ओर से पीएनजी लाइनों को बिछाने का कार्य गतिमान है। अभी तक करीब 700 घरों तक पीएनजी की आपूर्ति शुरू हो सकी है। लेकिन, लाइनों को बिछाते समय लाइन बड़ी संख्या में क्षतिग्रस्त हो रही है। इससे मरम्मत और टैंकर से उपभोक्ताओं को पानी उपलब्ध कराने के लिए जलसंस्थान को राजस्व की चपत लग रही है। करीब दो माह पूर्व पित्थुवाला जलसंस्थान शाखा की ओर से नुकसान की भरपाई के लिए 38 लाख 51 हजार रुपये का डिमांड नोट भेजा गया था लेकिन गेल प्रबंधन की ओर से अभी पैसा जमा नहीं कराया गया। संवाद