देहरादून। ग्राफिक एरा डीम्ड यूनिवर्सिटी में जरूरतमंद छात्रों को इंजीनियरिंग में डिप्लोमा कोर्स और होटल मैनेजमेंट की ट्रेनिंग निशुल्क दी जाएगी। यह घोषणा गणतंत्र दिवस परेड के मौके पर ग्राफिक एरा ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूशंस के चेयरमैन डॉ. कमल घनशाला ने की। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड के काफी युवा किसी ट्रेनिंग के बगैर होटल उद्योग में जाते हैं इसलिए उन्हें आगे बढ़ने के लिए नीचे से शुरुआत करनी पड़ती है। ऐसे युवाओं को ट्रेनिंग देकर उनका भविष्य संवारने और उन्हें आगे बढ़ाने की योजना बनाई है। इसके लिए उत्तराखंड के जरूरतमंद परिवारों के युवाओं को देहरादून और हल्द्वानी में निशुल्क होटल मैनेजमेंट का एक वर्ष का कोर्स कराया जाएगा। इसके साथ ही जरूरतमंद बच्चों को देहरादून और भीमताल में यूनिवर्सिटी निशुल्क इंजीनियरिंग में डिप्लोमा कोर्स कराएगी। इस मौके पर कुलपति डॉ. नरपिंदर सिंह, डॉ. एमपी सिंह आदि मौजूद रहे।